Sawati Maliwal : आम आदमी पार्टी (आप) की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला है। यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब केजरीवाल ने विधानसभा में बिभव कुमार का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि उन्हें और उनकी पार्टी के नेताओं को झूठे मामलों में फंसाकर जेल भेजा गया है।
स्वाति मालीवाल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए केजरीवाल की आलोचना की। उन्होंने लिखा, “बेशर्मी की सारी हदें पार कर दी। अरविंद केजरीवाल जी, जिस गुंडे ने मुझे आपके निवास पर आपकी मौजूदगी में मारा, जब तक वह जेल में था, आपने देश के सबसे महंगे वकीलों की फौज उसे बचाने के लिए खड़ी की। मेरे खिलाफ प्रेस कॉन्फ्रेंस करवाई।” मालीवाल का यह बयान एक बार फिर दिल्ली की राजनीति में गरमागरम बहस को जन्म दे रहा है।
मालीवाल ने यह भी कहा कि अब जब बिभव बेल पर बाहर हैं, केजरीवाल उन्हें “फर्जी केस में जेल में डाला गया” बताकर बचाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने यह तंज भी कसा कि ऐसे गुंडों को अपने निवास में रखने वाले नेताओं के हौसले और बढ़ते हैं।
स्वाति मालीवाल ने केजरीवाल की आत्ममुग्धता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, हर इंसान जो आपके हर गलत काम का साथी हो, बड़ा नेता नहीं होता। आप खुद की तुलना मर्यादा पुरुषोत्तम राम से करवाते हैं, लेकिन क्या आप अपनी पार्टी की महिला सांसद के लिए स्टैंड ले सकते हैं?
विधानसभा में केजरीवाल के बयान का संदर्भ
गुरुवार को विधानसभा में केजरीवाल ने कहा था कि भाजपा-आरएसएस के लोग भी मानते हैं कि वह ईमानदार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने पार्टी के बड़े नेताओं को झूठे मामलों में जेल भेजा है, लेकिन उनकी पार्टी फिर भी मजबूती से खड़ी है।
स्वाति मालीवाल के तीखे शब्दों ने स्पष्ट कर दिया है कि दिल्ली की राजनीति में मतभेद और विवाद थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। केजरीवाल और मालीवाल के बीच की यह तकरार राजनीतिक संवाद के साथ-साथ समाज में महिलाओं की सुरक्षा और उनके प्रति नेताओं की जिम्मेदारी पर भी सवाल उठाती है।
ये भी देखें : Sanjay Singh का BJP-RSS पर बड़ा आरोप, बोलें “इन्होंने अपना चरित्र नहीं बदला”


