Sitapur News : दुष्कर्म मामले में फंसे सांसद राकेश राठौर के खिलाफ सीजेएम न्यायालय ने सोमवार को गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) जारी कर दिया है। इसके बाद पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश तेज कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
दुष्कर्म के एक मामले में सांसद राकेश राठौर को 25 जनवरी को दूसरा नोटिस जारी कर 27 जनवरी को सुबह 11 बजे तक कोतवाली में हाजिर होकर बयान दर्ज कराने का निर्देश दिया गया था। लेकिन सांसद द्वारा तय समय तक कोतवाली में हाजिरी न लगाने पर पुलिस ने उनके खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट गौरव प्रकाश की कोर्ट से गैर-जमानती वारंट जारी करवा लिया।
सूत्रों के अनुसार, सांसद का भतीजा सोमवार को कोतवाली नगर पहुंचा था, लेकिन पुलिस ने सीधे सांसद का बयान दर्ज करने की मांग पर जोर दिया। जब सांसद स्वयं कोतवाली नहीं पहुंचे, तो पुलिस ने कोर्ट का रुख किया और गिरफ्तारी वारंट हासिल कर लिया।
पुलिस की तैयारी और अगली कार्यवाही
गैर-जमानती (Sitapur News) वारंट जारी होने के बाद पुलिस अब सांसद की गिरफ्तारी के लिए पूरी तरह सक्रिय हो गई है। शहर के विभिन्न ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि सांसद को कानून के दायरे में लाने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
ये भी पढ़ें : क्या अपने नाम के साथ लगा सकते हैं पद्म श्री- पद्म विभूषण या भारत रत्न?


