राजनीति

अपना यूपी

क्राइम

बड़ी खबर

स्पोर्ट्स

वेब स्टोरीज

खबर

UP BJP President: UP BJP अध्यक्ष की दौड़ में पंकज चौधरी सबसे आगे, जानिए क्यों मजबूत है उनका दावा

by | Dec 13, 2025 | अपना यूपी, आपका जिला, ख़बर, ट्रेंडिंग, बड़ी खबर, मुख्य खबरें

UP BJP President: उत्तर प्रदेश भाजपा को जल्द ही अपना नया प्रदेश अध्यक्ष मिलने वाला है और इस रेस में केंद्रीय मंत्री व सात बार के सांसद पंकज चौधरी का नाम सबसे आगे चल रहा है। दिल्ली में हुई उच्चस्तरीय बैठकों के बाद पार्टी नेतृत्व के भीतर उनके नाम पर सहमति बनती दिख रही है। माना जा रहा है कि भाजपा संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावी रणनीति के लिहाज़ से पंकज चौधरी को यह जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।

गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर हुई करीब तीन घंटे लंबी बैठक के बाद पंकज चौधरी की दावेदारी और मजबूत हो गई। सूत्रों के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए कई नामों पर विचार हुआ, लेकिन अंततः किसी ओबीसी चेहरे को आगे लाने पर सहमति बनी। इस दौरान योगी सरकार के मंत्री धर्मपाल सिंह और पंकज चौधरी के नामों पर गंभीर मंथन हुआ, जिसमें पंकज का पलड़ा भारी रहा।

पंकज चौधरी कुर्मी समाज से आते हैं, जो उत्तर प्रदेश में ओबीसी वर्ग के भीतर यादवों के बाद सबसे बड़ी आबादी मानी जाती है। हाल के लोकसभा चुनावों में पूर्वांचल क्षेत्र में कुर्मी वोटों के खिसकने से भाजपा को नुकसान झेलना पड़ा था। ऐसे में पार्टी नेतृत्व पुराने कुर्मी-ठाकुर-ब्राह्मण समीकरण को फिर से मज़बूत करने की रणनीति पर काम कर रहा है।
पूर्वांचल में कुर्मी समाज पर पंकज चौधरी की मजबूत पकड़ उन्हें इस पद के लिए एक स्वाभाविक विकल्प बनाती है।

15 नवंबर 1964 को जन्मे पंकज चौधरी ने राजनीति की शुरुआत 1989 में गोरखपुर नगर निगम के पार्षद के रूप में की। इसके बाद वे भाजपा की जिला कार्यसमिति के सदस्य बने और 1991 में पहली बार महराजगंज लोकसभा सीट से सांसद चुने गए।
वे 1991, 1996, 1998, 2004, 2014, 2019 और 2024 में सांसद बने, जबकि कुछ चुनावों में उन्हें हार का भी सामना करना पड़ा। इस उतार-चढ़ाव भरे सफर ने उन्हें जमीनी राजनीति का अनुभवी नेता बनाया।

पंकज चौधरी वर्तमान में केंद्र सरकार में मंत्री हैं और संगठन व सरकार—दोनों स्तरों पर काम करने का लंबा अनुभव रखते हैं। यही वजह है कि केंद्रीय नेतृत्व उन्हें प्रदेश संगठन की कमान सौंपने को लेकर आश्वस्त दिख रहा है।
भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष की लखनऊ में हुई बैठकों में भी पंकज चौधरी का नाम प्रमुखता से सामने आया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के लिए 464 मतदाताओं की सूची जारी कर दी गई है। इसमें सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य और संगठन के पदाधिकारी शामिल हैं।
नामांकन प्रक्रिया 13 दिसंबर को होगी और 14 दिसंबर को नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम की औपचारिक घोषणा किए जाने की संभावना है। यदि आवश्यकता पड़ी तो मतदान भी कराया जाएगा।

नए प्रदेश अध्यक्ष के चयन के बाद योगी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार पर भी मंथन चल रहा है। माना जा रहा है कि खरमास समाप्त होते ही जातीय और क्षेत्रीय संतुलन साधने के लिए सरकार में बदलाव किया जा सकता है।

ये भी पढ़ें: CM Yogi: बाबा साहेब आंबेडकर की मूर्तियों की सुरक्षा को मिलेगा नया सिस्टम, योगी सरकार का बड़ा फैसला

ये भी देखें: National Herald Case: नेशनल हेराल्ड का पूरा सच | कांग्रेस, BJP और ED की कहानी

अपना यूपी

क्राइम

आपका जिला

वीडियो

ट्रेंडिंग

बड़ी खबर