UP News : उत्तर प्रदेश सरकार ने इस बार गेहूं के समर्थन मूल्य में 150 रुपये की बढ़ोत्तरी की है, जो किसानों के लिए एक बड़ी राहत साबित हो सकती है। इस फैसले के बाद से गेहूं खरीद प्रक्रिया की तैयारियां राज्यभर में शुरू हो चुकी हैं। इसके अंतर्गत किसान पंजीकरण, क्रय केंद्रों का निर्धारण, और अन्य कागजी कार्य युद्धस्तर पर चल रहे हैं।
शाहजहांपुर में पंजीकरण प्रक्रिया शुरू
शाहजहांपुर में गेहूं की सरकारी खरीद की प्रक्रिया 1 मार्च से शुरू होनी है। इस हेतु किसान पंजीकरण के लिए एक पोर्टल को खोल दिया गया है, जिसमें अब तक 350 किसानों ने पंजीकरण करा लिया है। इस वर्ष गेहूं का समर्थन मूल्य 2425 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है, जो पिछले वर्ष के 2275 रुपये से 150 रुपये अधिक है। सरकार द्वारा इस बढ़े हुए मूल्य का लाभ किसानों को मिलने की संभावना है।
जिला विपणन अधिकारी कार्यालय ने क्रय केंद्रों के निर्धारण का काम भी शुरू कर दिया है, और यह सूची जल्द ही जिला खरीद अधिकारी को भेजी जाएगी। उम्मीद जताई जा रही है कि इस सप्ताह के भीतर क्रय केंद्रों की सूची फाइनल कर दी जाएगी।
पंजीकरण के लिए आवश्यक दस्तावेज
किसानों (UP News) को गेहूं बेचने के लिए अपना पंजीकरण कराना आवश्यक होगा। पंजीकरण के लिए किसानों को खसरा, खतौनी, आधार कार्ड, और बैंक पासबुक सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों का विवरण पोर्टल पर भरना होगा। जो किसान पहले से पंजीकरण करवा चुके हैं, उन्हें केवल नवीनीकरण करना होगा।
डिप्टी आरएमओ की अपील
इस संदर्भ में डिप्टी आरएमओ राकेश मोहन पाण्डेय ने किसानों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द पंजीकरण कराएं और सरकार द्वारा बढ़ाए गए समर्थन मूल्य का पूरा लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि पंजीकरण प्रक्रिया ऑनलाइन जनसेवा केंद्रों पर भी कराई जा सकती है, जिससे किसानों को सुविधा हो सके।
पीलीभीत में धान खरीद की प्रक्रिया
पीलीभीत जिले (UP News) में इस समय धान की सरकारी खरीद चल रही है, जो 31 जनवरी तक जारी रहेगी। इस बीच, गेहूं खरीद की तैयारी भी तेजी से चल रही है और किसानों का पंजीकरण शुरू कर दिया गया है। पंजीकरण के बाद ही किसान अपनी गेहूं को सरकारी केंद्रों पर बेच सकेंगे। डीएफएमओ विजय कुमार ने बताया कि धान खरीद प्रक्रिया अंतिम चरण में है और इसको लेकर औपचारिक रिपोर्ट शासन को 31 जनवरी तक भेजी जाएगी।


