UP News : शाहजहांपुर में शीत लहर के चलते मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप ने कक्षा आठ तक के स्कूलों को 13 जनवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया है। वहीं, कक्षा नौ से 12 तक की कक्षाएं पूर्व निर्धारित समय, यानी सुबह 10 बजे से अपराह्न 3 बजे तक जारी रहेंगी। इस दौरान विद्यालय प्रबंधन को यह सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है कि विद्यार्थियों को ठंड से बचाने के लिए उचित प्रबंध किए जाएं।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार की रात को सीजन का सबसे ठंडा तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दिन में तेज धूप के कारण अधिकतम तापमान में वृद्धि देखी गई। शनिवार को न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री और अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो शुक्रवार के मुकाबले अधिकतम तापमान में 2.4 डिग्री की वृद्धि और न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री की गिरावट का संकेत देता है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह के अनुसार, रविवार को बूंदाबांदी हो सकती है, जिससे न्यूनतम तापमान में वृद्धि और अधिकतम तापमान में गिरावट की संभावना है।
आगरा और मथुरा में स्कूलों की छुट्टी बढ़ी
आगरा और मथुरा में कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल 14 जनवरी 2025 तक बंद रहेंगे। मौसम की बदलती परिस्थितियों के मद्देनजर, स्कूलों को फिर से खोलने के समय में बदलाव भी संभव है। कठोर सर्दी के मौसम में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है।
लखीमपुर खीरी और लखनऊ में भी अवकाश घोषित
लखीमपुर खीरी (UP News) के जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने भी ठंड के कारण कक्षा नर्सरी से इंटर तक की कक्षाएं 14 जनवरी तक स्थगित कर दी हैं। हालांकि, यदि किसी मान्यता प्राप्त स्कूल में प्रायोगिक परीक्षाएं या प्री-बोर्ड परीक्षाएं पहले से तय हैं, तो हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के छात्रों को समय से बुलाने की अनुमति दी गई है।
लखनऊ में भी शीतलहर को देखते हुए कक्षा आठ तक के सभी स्कूलों को 14 जनवरी तक बंद करने का आदेश दिया गया है। इसके साथ ही कक्षा 9 से 12 तक के स्कूलों के समय में भी बदलाव कर दिया गया है, जिसमें ये कक्षाएं सुबह 10 बजे से 3 बजे तक संचालित होंगी।
अन्य जिलों में भी स्कूलों की छुट्टी बढ़ी
फर्रुखाबाद (UP News) के जिलाधिकारी डॉ. वीके. सिंह ने भी 14 जनवरी तक स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी गौतम प्रसाद ने बताया कि ठंड के कारण यह निर्णय लिया गया। अंबेडकर नगर में भी डीएम ने पहले ही 4 जनवरी से स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया था, और प्रदेश के बेसिक स्कूलों के लिए सर्दियों की छुट्टियां पहले से घोषित की जा चुकी हैं।
ये भी देखें : CM Atishi का बड़ा दावा, “BJP Ramesh Bidhuri को CM पद का चेहरा बानाएगी!”


