UP News : झांसी के सदर बाजार थाना क्षेत्र के भट्ठा गांव स्थित नूर गार्डन में एक शादी समारोह के दौरान विवाद उत्पन्न हो गया, जब दूल्हे ने दूसरी बार शादी करने की कोशिश की। दूल्हा दिव्य प्रकाश विक्रम अपनी शादी के आयोजन के बीच में फेरों का इंतजार कर रहा था, तभी अचानक उसकी पहली पत्नी सारिका अपने परिजनों के साथ मौके पर पहुंची और हंगामा शुरू कर दिया।
सारिका का आरोप है कि दिव्य ने 2020 में उससे शादी की थी, लेकिन दो महीने के भीतर ही उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और उसे घर से निकाल दिया। उसने यह भी दावा किया कि उनका तलाक अभी तक कोर्ट में विचाराधीन है, और दिव्य बिना तलाक के दूसरी शादी नहीं कर सकता। सारिका के मुताबिक, कोर्ट में उनकी शादी को लेकर मामला चल रहा है, और उसे इस शादी की अनुमति नहीं दी जा सकती।
वहीं, दूल्हे दिव्य प्रकाश विक्रम ने इसका प्रतिवाद किया। उनका कहना था कि सारिका ने उनकी शादी के कुछ समय बाद घर से जेवर और पैसे लेकर भाग गई थी, और इस मामले में भी अदालत में केस चल रहा है। दिव्य ने दावा किया कि उनका तलाक 2024 में कोर्ट से फाइनल हो चुका था, और इसके बाद ही उसने दूसरी शादी की योजना बनाई थी।
दूल्हे की पहली पत्नी ने किया विरोध
शादी के दौरान (UP News) हंगामा इतना बढ़ गया कि पुलिस को बुलाना पड़ा। पुलिस ने दूल्हे और उसकी पहली पत्नी को थाने ले जाकर मामले की जांच शुरू की। पुलिस अधिकारी रामवीर सिंह ने बताया कि दूल्हे के पास 2024 में फाइनल हुए तलाक के दस्तावेज हैं, लेकिन सारिका का कहना है कि तलाक नहीं हुआ है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं की गई है।


