UP News : उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक जाहिद बेग और उनकी पत्नी सीमा बेग के खिलाफ बाल श्रम और एक नाबालिग लड़की की आत्महत्या के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। इन आरोपों में मारपीट और मजदूरी न देने का मामला भी शामिल है।
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, हाल ही में विधायक के घर में काम करने वाली एक नाबालिग लड़की ने आत्महत्या कर ली। इस दुखद घटना के बाद, पुलिस ने विधायक के आवास पर छापेमारी की, जहां एक और नाबालिग लड़की काम करती पाई गई। पुलिस ने उसे सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कर दिया और श्रम प्रवर्तन अधिकारी जेपी सिंह ने इस मामले में विधायक और उनकी पत्नी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने की FIR दर्ज
मेडिकल जांच और बयान दर्ज करने के बाद, मुक्त की गई नाबालिग को प्रयागराज स्थित बाल संरक्षण गृह में भेजा गया। बाल कल्याण समिति के चेयरमैन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शुक्रवार को श्रम प्रवर्तन अधिकारी को विधिक कार्रवाई की संस्तुति करते हुए एक पत्र लिखा। इसके आधार पर, देर रात भदोही कोतवाली में विधायक जाहिद बेग और उनकी पत्नी सीमा बेग के खिलाफ बाल श्रम, बंधुआ श्रम और अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई।
मुकदमे में (UP News) आत्महत्या करने वाली लड़की का उल्लेख भी किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, वह पिछले नौ वर्षों से विधायक के घर में काम कर रही थी और उसे नियमित वेतन नहीं दिया गया था। मारपीट और उत्पीड़न से तंग आकर उसने मुंबई भागने की योजना बनाई थी, लेकिन दूसरी नौकरानी मोनी के कहने पर वह ऐसा नहीं कर पाई।
इस मामले के सामने आने के बाद विधायक जाहिद बेग और उनके परिवार की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। एसपी मीनाक्षी कात्यायन ने पुष्टि की है कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है।


