UP News : लहसड़ी गांव में बंदरों का आतंक, स्थानीय लोग में फैली दहशत, खुद को डंडे और लाठी से कर रहे सुरक्षितखोराबार के लहसड़ी गांव में बंदरों के एक झुंड ने पिछले कुछ दिनों से उत्पात मचा रखा है, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल पैदा हो गया है। घटना की शुरुआत तब हुई जब बर्बसपुर गांव में एक बंदर की मौत हो गई, जिसके बारे में कहा जा रहा है कि उसे किसी बाइक वाले ने ठोकर मारी थी। इसके बाद से, बंदरों का यह झुंड दो पहिया वाहनों को देखते ही हमला कर रहा है।

रविवार को लहसड़ी गांव में सन्नाटा पसरा हुआ था। कुछ बच्चे हाथ में डंडा लेकर घूम रहे थे। पूछने पर उन्होंने बताया कि वे बंदरों के डर से डंडा लेकर चल रहे हैं। पिछले कुछ दिनों में बंदरों ने चार से पांच लोगों को काट लिया है। हाल ही में, एक युवक के पैर में भी बंदर ने काट लिया, जिसके बाद से गांव में डर और बढ़ गया है।

खुद को डंडे और लाठी से कर रहे सुरक्षित
महिलाएं घर (UP News) की छत पर कपड़ा सुखाने के लिए भी नहीं जा रही हैं, क्योंकि उन्हें डर है कि बंदर कब कहां से आकर हमला कर देंगे। लहसड़ी गांव में शनिवार को 25 वर्षीय निखिलेश को एक खूंखार बंदर ने काटकर घायल कर दिया। उस बंदर ने उसके पैर में काटकर मांस का टुकड़ा निकाल दिया, जिसके कारण निखिलेश की फौज में जाने की तैयारी प्रभावित हो गई है। डॉक्टरों ने सर्जरी की बात कही है।

गांव के लोगों का कहना है कि बंदरों के झुंड में एक ही बंदर विशेष रूप से हमलावर है, जो खासतौर पर बाइक वालों को देखकर तेजी से दौड़कर काटने की कोशिश करता है। गांव की सोनाली ने बताया कि बगल के गांव में एक बंदर की मौत के बाद से यह समस्या और बढ़ गई है। अब तो लोग घर से बाहर निकलने में भी डर रहे हैं। विजय ने कहा, “हम लोग बच्चों को घर से बाहर नहीं निकलने दे रहे हैं,” जबकि वीरेंद्र का कहना है कि अगर जल्द से जल्द बंदरों को नहीं पकड़ा गया, तो यह कई लोगों को घायल कर सकते हैं।


