UP Politics : उत्तर प्रदेश में भाजपा की कथित आंतरिक कलह और सरकार में मचे विवाद के बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने राज्य के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को एक बार फिर ऑफर दिया है। इससे पहले उन्होंने केशव को मॉनसून ऑफर दिया था। समाजवादी पार्टी के मुखिया ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा था- मानसून ऑफर: 100 लाओ, सरकार बनाओ।
मानसून सत्र के दौरान संसद परिसर में पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि अब बारिश तो हो रही है। ये जो ऑफर है समय के हिसाब से चलेगा। ये पूरे मॉनसून चलेगा ऑफर। इसके बाद विंटर ऑफ भी आएगा।
केशव प्रसाद मौर्य ने दिया था ये जवाब
इससे पहले जब सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मॉनसून ऑफर दिया था तब केशव प्रसाद मौर्य ने उसका जवाब भी दिया था। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा कि “मानसून ऑफर को 2027 में 47 पर जनता और कार्यकर्ता फिर समेटेंगे. एक डूबता जहाज और समाप्त होने वाला दल जिसका वर्तमान और भविष्य खतरे में है। वह मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख सकता है, परंतु पूर्ण नहीं हो सकता। 2027 में 2017 दोहरायेंगे, फिर कमल की सरकार बनायेंगे।”
दरअसल, उत्तर प्रदेश (UP) में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के इंडिया अलायंस से लोकसभा चुनाव में बीजेपी के पिछड़ने के बाद से ही पार्टी में आंतरिक कलह के दावे किए जा रहे हैं। इन दावों का हवा तब मिली जब डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भाजपा की एक बैठक में यहां तक कह दिया कि संगठन,सरकार से बड़ा होता है। फिर केशव, दिल्ली गए थे और भाजपा हाईकमान से मुलाकात की थी।
इसके बाद से ही सपा और अन्य विपक्षी दल यह दावा कर रहे हैं कि बीजेपी संगठन और योगी सरकार में बदलाव के आसार हैं।


