UP Politics : संसद के शीतकालीन सत्र का समापन हो चुका है, लेकिन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर राजनीति का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बहुजन समाज पार्टी (BSP) के नेता और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के भतीजे आकाश आनंद ने इस मामले पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने सोशल मीडिया साइट ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (AAP) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर जमकर हमला बोला है।
आकाश आनंद ने खासकर उन नेताओं पर निशाना साधा, जिन्होंने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के नाम का राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश की है। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नीले रंग के कपड़े पहनने और अरविंद केजरीवाल के एक विवादास्पद वीडियो पर अपनी प्रतिक्रिया दी। इस वीडियो में अरविंद केजरीवाल को एक एआई तकनीक द्वारा बाबा साहेब अंबेडकर से आशीर्वाद प्राप्त करते हुए दिखाया गया था।
आकाश आनंद ने अपने ट्वीट में लिखा, “करोड़ों शोषितों, वंचितों और गरीबों के लिए बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर भगवान ही हैं। लेकिन आजकल वोटों के लिए उनके नाम का इस्तेमाल करना एक फैशन बन गया है। पहले देश के गृह मंत्री अमित शाह ने संसद में उनका अपमान किया, फिर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने हमारी नीली क्रांति को फैशन शो बना दिया और अब अरविंद केजरीवाल ने बाबा साहेब की छवि के साथ छेड़छाड़ की।
भाजपा पर जमकर हमला बोला
उन्होंने यह भी कहा, “देश के दलित, शोषित, वंचित और उपेक्षित वर्गों के आत्म-सम्मान के लिए बीएसपी का मिशन जारी रहेगा। गृहमंत्री अमित शाह को पश्चाताप करना ही पड़ेगा।”
आकाश आनंद (UP Politics) की इस प्रतिक्रिया से राजनीतिक माहौल गरमा गया है। इस बीच, उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने भी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर टिप्पणी की है। राजभर ने कहा, “कांग्रेस हर दिन बाबा साहेब अंबेडकर का विरोध करती थी। कांग्रेस, जो संविधान को नहीं मानती थी, जिसने आपातकाल लगाया था, वही कांग्रेस आज बाबा साहेब की अनुयायी बनती है, तो यह अतिशयोक्ति ही लगती है।”
ये भी देखें : Delhi में बांग्लादेशी घुसपैठियों पर कार्रवाई, हिरासत में लिए गए 175 बांग्लादेशी |


