UP Weather News : उत्तर प्रदेश में एक और पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में बदलाव का संकेत मिल रहा है। यह पश्चिमी विक्षोभ सूबे के ऊपर से गुजरने वाला है, हालांकि यह कमजोर रहने की संभावना है। इसके बावजूद पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है, जबकि लखनऊ में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। इस विक्षोभ के कारण तेज हवा चलने से दिन के तापमान में गिरावट देखी जा सकती है, लेकिन रात का तापमान धीरे-धीरे बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार
20 फरवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बरेली, रामपुर, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद समेत आसपास के जिलों में बारिश के आसार हैं। वहीं, 18 और 19 फरवरी को पूर्वी और पश्चिमी यूपी में सुबह और देर रात हल्के कोहरे के छाने की संभावना है।
अमौसी स्थित मौसम केंद्र ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ 19 और 20 फरवरी को उत्तर प्रदेश के ऊपर से गुजरने वाला है। इस दौरान हवा की रफ्तार बढ़ने और हल्की बदली छाए रहने के कारण दिन के तापमान में गिरावट आ सकती है। हालांकि, जब यह पश्चिमी विक्षोभ उत्तर प्रदेश से गुजर जाएगा, उसके बाद 24 से 48 घंटे तक तेज सतही हवा चलने की संभावना है। उत्तर पश्चिम से आने वाली यह हवा तापमान को कुछ हद तक और गिरा सकती है, जिससे सर्दी और गुनगुने मौसम का सिलसिला जारी रहेगा।
मौसम केंद्र के मुताबिक, सोमवार को अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.7 डिग्री ज्यादा था।
लखनऊ और आसपास (UP Weather News) के जिलों के लिए अगले पांच दिनों तक किसी विशेष चेतावनी की आवश्यकता नहीं है, हालांकि सुबह और शाम को हल्का कुहासा रह सकता है। मौसम विभाग ने 18 और 19 फरवरी को पूर्वी और पश्चिमी यूपी में सुबह और देर रात हल्के कोहरे की संभावना जताई है।


