UP Weather : उत्तर प्रदेश (UP), पंजाब व हरियाणा और अन्य मैदानी राज्यों के साथ जम्मू-कश्मीर समेत पहाड़ी राज्यों के निचले क्षेत्र भी प्रंचड गर्मी और लू की चपेट में हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 13 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में सूरज की तपिश अभी दो दिन और ऐसे ही झुलसाती रहेगी। उसके बाद उत्तर पश्चिम भारत की ओर बढ़ रहे पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 18 से 20 जून के बीच हल्की बारिश से कुछ राहत मिल सकती है।
उत्तर प्रदेश (UP) में प्रंचड गर्मी के सितम से लोग काफी परेशान हैं। सूबे में इस बार ऐसी गर्मी पड़ रही है कि AC भी काम नहीं कर रहे हैं। वहीं, भारतीय मौसम विभाग (IMD) के लखनऊ केंद्र ने बताया है कि आगामी 48 घंटे के दौरान उत्तर प्रदेश में ज्यादातर स्थानों पर जारी लू से प्रचंड लू की परिस्थितियों में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, 48 घंटों के बाद प्रदेश में बारिश की संभावना है, उससे पहले प्रचंड गर्मी का कहर जारी ही रहेगा।
इन जिलों में भीषण लू का रेड अलर्ट जारी
मौसम विभाग IMD के अनुसार बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संतरविदास नगर, जौनपुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, रायबरेली में भीषण गर्मी और लू का रेड अलर्ट जारी हुआ है। इसके साथ ही अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर। महोबा, झांसी, ललितपुर और आसपास के इलाकों में लू (हीट वेव) से लेकर तीव्र लू (हीट वेव) चलने की संभावना है। इन जिलों में भीषण लू का रेड अलर्ट जारी हुआ है।
मौसम विभाग IMD ने बताया है कि गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, बस्ती, गोंडा, श्रावस्ती, बहराईच लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद और कन्नौज में हीट वेव चलने के आसार हैं।
गर्मी में दिन के समय घर से बाहर निकलना हो रहा मुश्किल
उत्तर प्रदेश में प्रयागराज सोमवार को लगातार तीसरे दिन सर्वाधिक गर्म रहा और तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग IMD के मुताबिक यूपी, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, बिहार, झारखंड, पूर्वी मध्य प्रदेश, उत्ती राजस्थान व प. बंगाल के गंगा तट वाले क्षेत्रों में भीषण गर्मी पड़ रही है। जम्मू-कश्मीर के जम्मू संभाग, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के मैदानी और निचले इलाके भी बेहाल हैं। बीते 24 घंटे में इन राज्यों में 44 से 46 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। झुलसा देने वाली गर्मी में दिन के समय घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है, जबकि यूपी, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पूर्वी मध्य प्रदेश में तो रात के समय में भी लू जैसी स्थिति बनी हुई है। ओडिशा, झारखंड और बंगाल के गंगा के तटीय इलाकों में गर्मी के साथ उमस भी बनी हुई है। आंध्र प्रदेश के उत्तरी तटीय इलाकों में भी तेज गर्मी पड़ रही है।


