Ayodhya : पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने अयोध्या में दीपोत्सव के 8वें चरण की तैयारियों के लिए निर्देश दिए हैं कि लगभग 25 लाख दीप प्रज्वलित किए जाएंगे, ताकि राम नगरी में त्रेतायुग के दृश्य को जीवंत किया जा सके। उन्होंने सभी तैयारियों को समय पर पूरा करने की बात कही और दीपोत्सव-2024 को ऐतिहासिक और अलौकिक बनाने के लिए अयोध्या को सजाने-संवारने के निर्देश दिए।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और आयोजन
28 से 30 अक्टूबर तक अयोध्या में रामायण के प्रसंगों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जयवीर सिंह ने बैठक में बताया कि दीपोत्सव में आधुनिक तकनीक से सुसज्जित मंच एवं प्रदर्शनी संस्कृति विभाग द्वारा लगाई जाएगी। मुख्य आयोजन रामपथ, रामकथा पार्क, राम की पैड़ी और सरयू तट पर होंगे, जहां रामायण के विभिन्न प्रसंगों पर झांकियां प्रदर्शित की जाएंगी।
ये भी पढ़ें : PM Modi Russia Visit : पीएम मोदी का रूस दौरा, 16वें BRICS सम्मेलन में लेंगे भागीदारी
पुष्पक विमान से आगमन
मंत्री ने बताया कि श्रीराम, सीता और लक्ष्मण के स्वरूपों का हेलीकॉप्टर से रामकथा पार्क के हेलीपैड पर प्रतीकात्मक पुष्पक विमान द्वारा अवतरण होगा। इस अवसर पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री द्वारा श्रीराम जानकी का पूजन एवं प्रतीकात्मक राज्याभिषेक किया जाएगा। कार्यक्रम में 1100 व्यक्तियों द्वारा एक साथ सरयू आरती करने का गिनीज विश्व रिकॉर्ड बनाने का प्रयास भी किया जाएगा।
दीपों का प्रज्वलन
अयोध्या में राम की पैड़ी पर 25 लाख दीपों का एक साथ प्रज्वलन कर विश्व रिकॉर्ड बनाने की योजना है। इसके अलावा, नगर क्षेत्र में अतिरिक्त 10 लाख दीपों का प्रज्वलन किया जाएगा। इस भव्य आयोजन (Ayodhya) की तैयारियों में विशेष सचिव पर्यटन, अपर निदेशक संस्कृति और अन्य अधिकारी भी शामिल रहे।


