Ayodhya Airport : शुक्रवार को पहली फ्लाइट अयोध्या के मर्यादा पुरूषोत्तम श्रीराम एयरपोर्ट (Ayodhya Aiport) पर उतरी। दोपहर 12 बजे भारतीय वायुसेना का एक विमान यहां उतरा। बताया जा रहा है कि 30 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अयोध्या यात्रा की से पहले विमान का परीक्षण किया गया है। सुरक्षित और आरामदायक लैंडिंग के बाद चालक दल के सदस्यों ने भी संतुष्टि व्यक्त की। इस दौरान प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) के प्रमुख ने स्थानीय पुलिस के साथ एयरपोर्ट का निरीक्षण भी किया। 30 दिसंबर को प्रधानमंत्री के आगमन से पहले तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री योगी ने भी गुरुवार को अयोध्या का दौरा किया।
पीएम मोदी देंगे अयोध्या को हजारों करोड़ की सौगात
सीएम योगी ने कहा कि 30 दिसंबर और 22 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या को हजारों करोड़ की परियोजनाओं की सौगात देंगे। 30 दिसंबर को पीएम अयोध्या में मर्यादा पुरूषोत्तम श्रीराम एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही वह हवाईअड्डे की तर्ज पर बने अयोध्या रेलवे स्टेशन के नवनिर्मित भवन का भी लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा अयोध्यावासियों को राम पथ, श्री राम जन्मभूमि पथ, धर्मपथ और भक्ति पथ के रूप में उपहार मिलेंगे। सीएम योगी ने अयोध्या में होटलों और धर्मशालाओं की एडवांस बुकिंग रद्द करने के आदेश दिए हैं।
22 जनवरी को लगभग 100 विमान अयोध्या में उतरेंगे
22 जनवरी को सिर्फ मेहमान आएंगे। 22 जनवरी को रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के दिन अयोध्या एयरपोर्ट पर 100 विमानों के उतरने की संभावना है। उस दिन आमंत्रित अतिथियों के अलावा केवल सरकारी ड्यूटी पर मौजूद लोग ही आ सकते हैं। प्रशासन यह सुनिश्चित करने का प्रयास करेगा कि जिन लोगों को आमंत्रित नहीं किया गया है और जिन्होंने होटलों में बुकिंग की है वे उस दिन न आएं ताकि होटलों में आमंत्रित अतिथियों को कोई असुविधा न हो। गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह निर्देश अयोध्या जिला प्रशासन को दिया।


