Ayodhya : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिन लोगों को अयोध्या का विकास अच्छा नहीं लग रहा और जो इस नगर के खिलाफ दुष्प्रचार कर रहे हैं, वे सोशल मीडिया पर फर्जी खबरें फैला रहे हैं। सीएम योगी आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित एक रोजगार मेले को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने हाल ही में फैलाई गई अफवाहों का जिक्र किया, जिसमें दावा किया गया था कि अयोध्या (Ayodhya) की 13,000 एकड़ भूमि तीन लोगों को आवंटित कर दी गई है, जबकि ऐसा कोई आवंटन नहीं किया गया। इसके अलावा, धर्मपथ और रामपथ पर 3,800 स्ट्रीट लाइट्स चोरी होने की सूचना भी झूठी थी। इन लाइटों को तो वेंडर ने लगाया ही नहीं था और पैसे निकालने के लिए साजिश रची गई थी।
ये भी पढ़ें : UP Weather Update : जानिए यूपी में 19 से 24 अगस्त तक कैसा रहेगा मौसम का हाल
वेंडर अब हिरासत में है और जल्द ही उसके आकाओं को भी पकड़ा जाएगा। सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या को बदनाम करने की साजिश की जा रही है और ऐसे लोग न केवल दुष्कर्मियों का समर्थन करते हैं बल्कि अयोध्या में निहत्थे लोगों पर गोलियां चलवाने की कोशिश भी कर चुके हैं। इन लोगों को अब सख्ती से निपटा जाएगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 13 छात्रों को टैबलेट और स्मार्टफोन वितरित किए और 12 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। उन्होंने 78 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। समारोह में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, व्यावसायिक शिक्षा मंत्री कपिल देव अग्रवाल, स्वास्थ्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, खेल मंत्री गिरीश यादव, खाद्य रसद राज्य मंत्री सतीश शर्मा और प्रमुख सचिव कार्मिक एम देवराज भी मौजूद थे।


