Baghpat : बागपत जिले से दिल दहलाने वाली खबर सामने आई है। भगवान आदिनाथ के निर्वाण लड्डू पर्व के दौरान मानस्तम्भ परिसर में बना लकड़ी का मचान ढह गया। इस दर्दनाक हादसे में 5 लोगों की मौत हो चुकी है और 80 से अधिक श्रद्धालु घायल हुए हैं। हादसे के बाद मौके पर भगदड़ की स्थिति बन गई, जिससे अफरातफरी का माहौल हो गया।
वॉच टावर गिरने से हुआ हादसा
प्रशासन की जानकारी के अनुसार, यह हादसा बड़ौत के जैन समुदाय के ‘लड्डू महोत्सव’ कार्यक्रम के दौरान हुआ। गांधी रोड स्थित मचान के गिरने से कई श्रद्धालु घायल हो गए। एम्बुलेंस की कमी के कारण घायलों को ई-रिक्शा के जरिए अस्पताल ले जाया गया। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ौत कोतवाली के इंस्पेक्टर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
ये भी पढ़ें : क्या अपने नाम के साथ लगा सकते हैं पद्म श्री- पद्म विभूषण या भारत रत्न?
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
भगवान आदिनाथ के निर्वाण पर्व (Baghpat) के दौरान हुए इस हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए प्रशासन हरसंभव प्रयास कर रहा है।
मुख्यमंत्री योगी ने लिया संज्ञान
सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायलों के समुचित इलाज और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। प्रशासन से हर संभव मदद सुनिश्चित करने को कहा गया है।