Bahraich : यूपी के बहराइच जिले में अवैध निर्माण के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई शुरू की गई है। कार्रवाई से पहले लोग अपनी दुकानों और घरों को खाली कर रहे हैं। सराय जगना (वजीरगंज बाजार) में करीब 23 अवैध भवनों और दुकानों को ध्वस्त किया जाएगा जो सरकारी जमीन पर बने हुए हैं। स्थानीय प्रशासन ने पहले ही कब्जाधारियों को नोटिस जारी किया था और मुनादी कराई थी, लेकिन कब्जा नहीं छोड़ा गया।
अब हाईकोर्ट के आदेश पर यह कार्रवाई की जा रही है। हाईकोर्ट ने 23 मई, 2023 को अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया था लेकिन नोटिस के बावजूद लोग अतिक्रमण नहीं हटा सके। इसके बाद याचिकाकर्ता ने राजस्व अधिकारियों के खिलाफ अवमानना याचिका दायर की। इस स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने आज बुलडोजर चलाने का निर्णय लिया और इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे यहां पिछले 50 साल से रह रहे हैं और यह कार्रवाई केवल एक विशेष समुदाय को निशाना बनाने के लिए की जा रही है। उनका कहना है कि कई सरकारी योजनाओं के तहत यहां मकान भी बने हैं, जिससे गरीबों को परेशानी हो रही है। प्रशासन का कहना है कि 23 भवनों में से 8-9 दुकानें, 4 छोटे और 4 बड़े मकान हैं, जिन पर कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पीएसी की एक प्लाटून और अन्य थानों की फोर्स तैनात की है, जिसमें महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। इस बीच, स्थानीय सपा विधायक आनंद यादव ने प्रभावित निवासियों के लिए राहत की मांग की है, लेकिन अवैध निर्माण पर कार्रवाई आज सुनिश्चित है। प्रशासन का दावा है कि यहां की 95 प्रतिशत आबादी एक विशेष समुदाय की है, जिसने खलिहान और सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण किया है।


