Bahraich : उत्तर प्रदेश के बहराइच में एक दर्दनाक ऑनर किलिंग की घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपनी 17 वर्षीय बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने पहले बेटी के सिर को धड़ से अलग किया और फिर शव के कई टुकड़े कर दिए। यह घटना इलाके में हड़कंप मचा रही है। बताया जा रहा है कि पिता अपनी बेटी के प्रेम प्रसंग से नाराज था। उसने कई बार बेटी को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब वह नहीं मानी, तो उसने यह खौफनाक कदम उठाया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव के टुकड़ों को एकत्रित कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। यह वारदात मोतीपुर क्षेत्र के लक्ष्मणपुर मटेही गांव में हुई। आरोपी नईम खान की 17 वर्षीय बेटी खुशबू का प्रेम प्रसंग गांव के एक युवक से चल रहा था। सोमवार को जब पिता ने बेटी को उसके प्रेमी के साथ देखा, तो युवक भाग गया, लेकिन गुस्साए पिता ने गंडासे से कई वार करके बेटी की हत्या कर दी।
सीओ हीरा लाल कनौजिया और थानाध्यक्ष राकेश पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जाएगी। सीओ कनौजिया ने बताया कि प्रेमी मंगता जाति का था और लड़की कई बार उसके साथ भाग चुकी थी। इसके बाद प्रेमी के खिलाफ दो अलग-अलग थानों में एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी। पूछताछ के दौरान आरोपी पिता ने बताया कि उसकी चार बेटियां हैं और बड़ी बेटी के प्रेम प्रसंग का असर उसकी छोटी बेटियों पर पड़ रहा था, जिससे उसे यह कठोर कदम उठाना पड़ा।


