Bahraich News : उत्तर प्रदेश के बहराइच में आदमखोर भेड़िये का एक नया मामला सामने आया है। छठे भेड़िये की तस्वीर वन विभाग के थर्मल ड्रोन में कैद हुई है जो थाना हरदी क्षेत्र के चहलारी इलाके में घाघरा नदी के कछार में दिखा। यहां पहले पांच भेड़ियों को पकड़ा जा चुका है। वन विभाग की टीम ने जाल बिछाया लेकिन भेड़िया जाल से काफी दूर था जिससे सर्च ऑपरेशन को तेज कर दिया गया है।
जिले के डीएफओ अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि थर्मल ड्रोन में दिखा यह भेड़िया उसी कछार इलाके में था जहां पहले के भेड़ियों को ट्रैक किया गया। भेड़िया प्रभावित क्षेत्र को तीन सेक्टरों में बांटकर अभियान चलाया जा रहा है। चहलारी क्षेत्र में यह भेड़िया दिखाई पड़ा जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
ये भी पढ़ें : Saharanpur News : फर्जी महिला पुलिसकर्मी गिरफ्तार, पुलिस की वर्दी पहनकर करती थी वसूली
इसके अलावा एक और वीडियो में भागते हुए भेड़ियों को देखा गया है जिससे उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही इसे पकड़ा जाएगा। हालांकि बहराइच में भेड़ियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा। हाल ही में महसी तहसील के ग्रामीणों ने नए भेड़ियों के झुंड की सूचना दी जिसमें एक ‘लंगड़ा सरदार’ भेड़िया भी शामिल है।
यह झुंड महसी तहसील के मंगला गांव के पास देखा गया जो कि सिसैया चूड़ामणि गांव से केवल 5 किलोमीटर दूर है। डीएफओ ने कहा कि जांच के बाद ही पुष्टि होगी कि वे आदमखोर भेड़िये हैं या नहीं। डीएफओ ने यह भी बताया कि इलाके में पुरानी मांद और भेड़िये के पग मार्क मिले हैं लेकिन उनकी गतिविधियों से ऐसा नहीं लगता कि वे आदमखोर ‘लंगड़ा सरदार’ होंगे।
अगर ‘लंगड़ा’ भेड़िया उस समूह में शामिल हुआ और पकड़ा गया तो बाकी भेड़िये भी आदमखोर हो सकते हैं जिससे स्थिति और खराब हो सकती है। ज्ञात रहे कि बहराइच में आदमखोर भेड़िये अब तक 9 लोगों की जान ले चुके हैं और कई को घायल कर चुके हैं। फिलहाल केवल एक लंगड़ा भेड़िया बाकी है जबकि बाकी के 5 पकड़े जा चुके हैं।


