Bahraich : बहराइच जिले के हरदी थाने की पुलिस ने पिछले महीने हुई सांप्रदायिक हिंसा के मुख्य साजिशकर्ता और पांच अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 13 अक्टूबर 2024 को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान हुई हिंसा में मुख्य साजिशकर्ता शकील उर्फ बब्लू और उन्माद फैलाने वाले इरफान, फरहान रजा, हसीब, तौसीफ रजा और नूरानी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इसके अलावा, तीन फरार आरोपियों पर दस हजार का इनाम रखा गया है। 13 अक्टूबर को महराजगंज कस्बे से दुर्गा प्रतिमा विसर्जन का जुलूस निकल रहा था, जो हामिद के घर के सामने पहुंचा। इसी दौरान डीजे बंद कराने को लेकर विवाद हुआ और पत्थरबाजी हुई, जिससे प्रतिमा खंडित हो गई।
ये भी पढ़ें : Banda News : थाने में खड़ा जब्त ट्रक हुआ चोरी, पुलिस ने दर्ज किया चोरी का केस
ये भी देखें : Maharashtra में बीच भाषण में गुस्सा हुए Amit Shah | Dainik Hint |
इसके बाद धार्मिक झंडा हटाने पर हुई गोलीबारी में राम गोपाल मिश्रा नाम के युवक की मौत हो गई, जिससे कस्बे में आगजनी और हिंसा हुई। कई लोग घायल हुए। मृतक के शव को लेकर बहराइच शहर में प्रदर्शन हुआ, जिससे दुर्गा प्रतिमा विसर्जन रुक गया। इसके बाद 14 अक्टूबर को राम गोपाल की शवयात्रा निकाली गई, जिससे कई इलाकों में हिंसा और आगजनी हुई।
प्रदेश के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर को स्थिति नियंत्रित करने के लिए सड़क पर पिस्टल निकालनी पड़ी। स्थिति को शांत करने के लिए सुरक्षा बल तैनात किए गए और इंटरनेट बंद करना पड़ा। पुलिस ने मृतक की हत्या के आरोप में हामिद और उसके तीन बेटों समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया। भागने की कोशिश करते हुए हामिद के बेटों सरफराज और तालिब की पुलिस से मुठभेड़ हुई, जिसमें दोनों घायल हुए।
पुलिस घटना के वीडियो फुटेज के आधार पर हिंसा में शामिल लोगों की पहचान कर रही है और गिरफ्तारी का सिलसिला जारी है। स्थानीय बीजेपी विधायक सुरेश्वर सिंह ने भी घटना के दिन उन पर हमले और फायरिंग का आरोप लगाते हुए बहराइच नगर कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई है।


