Banda : उत्तर प्रदेश के बांदा (Banda) जिले में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। सरकारी स्कूल के कैंपस में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। इस खोज के बाद पुलिस को सूचित किया गया और उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में ले लिया। बताया जा रहा है कि मृतक युवक का अपने पड़ोस में रहने वाली एक महिला (भाभी) से पिछले एक साल से अवैध संबंध था। आरोप है कि महिला ने अपने पति के साथ मिलकर युवक को मिलने के बहाने बुलाया और पति के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस आरोपी दंपत्ति से पूछताछ कर रही है।
ये है पूरा मामला
यह घटना बबेरू थाना क्षेत्र के सतनया गांव में हुई। यहां 10 दिसंबर की रात एक युवक लापता हो गया। परिजनों ने पुलिस के साथ मिलकर तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। सर्च ऑपरेशन के दौरान देर रात अचानक लापता युवक का शव एक सरकारी स्कूल के कैंपस में मिला। पुलिस के मुताबिक मृतक अरुणेश का पड़ोस में रहने वाली एक महिला से पिछले एक साल से अवैध संबंध था। इसकी जानकारी महिला के पति को हो गई। आरोप है कि युवक को अपने रास्ते से हटाने के लिए महिला और उसके पति ने इस घटना को अंजाम दिया। बता दें कि युवक की हत्या गला दबाकर की गई थी।
ये भी देखे : Parliament Security Breach: संसद में कूदने वाला सागर शर्मा कौन ? सामने आए परिवार वाले
पुलिस ने ये बताया
एएसपी लक्ष्मी निवास मिश्र ने बताया कि बबेरू थाना क्षेत्र में एक युवक लापता था उसकी गुमशुदगी की जांच की जा रही थी। जांच के दौरान पता चला कि मृतक का गांव की ही एक महिला से अवैध संबंध था। महिला ने फोन किया था मृतक पास के एक स्कूल में गया जहां उसने अपने पति के साथ मिलकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। शव बरामद कर लिया गया है और आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


