Barabanki : उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में मोहम्मदपुर खाला थाना के हेतमापुर गांव में आयोजित तीन दिवसीय मेले में तंबू में दो टूटी कुर्सियों को लेकर हुए विवाद ने बुधवार को हिंसक रूप ले लिया. टूटी कुर्सियों से नाराज टेंट व्यवसायी ने कुछ साथियों के साथ मिलकर कथित तौर पर सब-इंस्पेक्टर पर पाइप से हमला कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. घायल अधिकारी को सीएचसी सूरतगंज में भर्ती कराया गया है और पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें पकड़ने के लिए तलाशी शुरू कर दिया है।
दो टूटी कुर्सियों को लेकर हुआ विवाद
यह घटना मोहम्मदपुर खाला पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आने वाले हेतमापुर गांव में बाबा नारायण दास की समाधि पर तीन दिवसीय मेले के दौरान हुई। बुधवार की सुबह मेले में दुकान लगाने वाला दुकानदार छोटेलाल निवासी रामापुर मथुरा थाना हेतमापुर गांव के टेंट मालिक अनवर को किराए पर दी गई कुर्सियां देने गया। दो टूटी कुर्सियों को लेकर विवाद हो गया जिसके बाद छोटेलाल ने मामले की शिकायत लालपुर थाने में की।
ये भी देखे : Viral Video : एक पटाखे ने ली शख्स की जान ! I Ghaziabad news I Dainik Hint
दरोगा पूछताछ के लिए गए अनवर के घर
इसके बाद सब-इंस्पेक्टर राजाराम कुछ पुलिस कर्मियों के साथ पूछताछ के लिए अनवर अली के घर गए। पूछताछ के दौरान अनवर अली और उसके परिवार के कुछ सदस्यों ने कथित तौर पर सब-इंस्पेक्टर राजाराम पर पाइप से हमला किया जिससे उनके चेहरे पर चोटें आईं। घायल अधिकारी को इलाज के लिए सीएचसी सूरतगंज ले जाया गया जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
3 लोग पुलिस हिरासत में, 6 अन्य फरार
उपनिरीक्षक राजाराम की तहरीर पर अनवर अली उसकी पत्नी सम्मो उर्फ हसीना, रूमी व उसके बेटे छोटू, शानू, बेटी रूबी व बहन जाकिरा दामाद वकील व उसकी पत्नी सूबी सहित नौ लोगों पर हत्या का प्रयास, सरकारी काम में बाधा डालना और कई अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने सम्मो उर्फ हसीना, वकील और जकीरा को हिरासत में ले लिया है जबकि छह अन्य फरार हैं। अधीक्षक विनोद कुमार यादव ने बताया कि नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और घटना में शामिल बाकी संदिग्धों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है.


