Budaun : उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में एक सनसनीखेज घटना घटी है। दातागंज थाना क्षेत्र में सोमवार रात सादुल्लागंज गांव निवासी सुधीर कुमार सिंह (40) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सुधीर सिंह करणी सेना से जुड़े थे और उनके चचेरे भाई करणी सेना में पदाधिकारी हैं। घटना से गांव में सनसनी फैल गयी है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
रात में सुधीर को मारी गोली
सुधीर कुमार सिंह के भाई राजीव ने बताया कि सोमवार की रात पड़ोसी नन्हे ने उनके भाई सुधीर को गोली मार दी, जो उनके पेट में लगी। गंभीर रूप से घायल सुधीर को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने राजीव के बयान पर तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मुख्य आरोपी नन्हे को गिरफ्तार कर लिया गया है।
एक आरोपी गिरफ्तार दूसरे की तलाश जारी
एसएसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के दौरान नन्हे ने सुधीर को गोली मार दी जिससे अधिक खून बहने के कारण उनकी मौत हो गई।


