CM Yogi News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश को ‘अनेकता में एकता’ का जीवंत उदाहरण बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश केवल देश का सबसे बड़ा राज्य ही नहीं है, बल्कि भारत की आस्था, संस्कृति और परंपरा का केंद्र बिंदु भी है। उन्होंने कहा कि भारत का प्रत्येक नागरिक, चाहे वह देश के किसी भी कोने में रहता हो, जीवन में एक बार उत्तर प्रदेश आने की इच्छा रखता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश से भारत के हर हिस्से के लोगों का एक विशेष भावनात्मक जुड़ाव है। पूर्व भारत की बात करते हुए उन्होंने कहा कि पूर्वांचल के लोग इस बात पर गर्व करते हैं कि माता रुक्मिणी वहीं से थीं और भगवान श्रीकृष्ण से उनका विवाह हुआ। पश्चिम भारत के लोग इस बात से उत्तर प्रदेश से जुड़ाव महसूस करते हैं कि भगवान श्रीकृष्ण मथुरा से द्वारका गए थे। वहीं, दक्षिण भारत के लोगों का विश्वास है कि बजरंगबली (हनुमान जी) का जन्म कर्नाटक में हुआ था, पर उनकी आराधना अयोध्या की हनुमानगढ़ी में होती है।
यूपी की सांस्कृतिक विरासत को देश की एकता का मजबूत सूत्र – CM Yogi
सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को देश की एकता का मजबूत सूत्र बताया और कहा कि पूरा देश खुद को यूपी से जोड़ने की कोशिश करता है। यह कोई संयोग नहीं है, बल्कि उत्तर प्रदेश की धार्मिक और ऐतिहासिक महत्ता का प्रमाण है।
एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश दंगों से जूझता था। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि बरेली में तो सालाना चार दंगे होना एक तरह से सामान्य बात बन चुकी थी। अलीगढ़, लखनऊ, कानपुर सहित कई शहरों में दंगों की घटनाएं आम थीं, जिससे त्योहारों का उल्लास फीका पड़ जाता था। लोग पर्वों पर सशंकित रहते थे कि कहीं कोई दंगा न हो जाए।
लेकिन आज, उन्होंने कहा, उत्तर प्रदेश दंगा मुक्त और अराजकता मुक्त राज्य बन चुका है। अब प्रदेश में हर त्योहार शांति और उत्साह से मनाया जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का भी जिक्र किया और कहा कि पहले की सरकारों में बिना जमीन अधिग्रहण के ही शिलान्यास कर दिया जाता था। जबकि वर्तमान सरकार ने बुनियादी ढांचे के विकास को प्राथमिकता दी है और पारदर्शिता के साथ कार्य किया जा रहा है।