CM Yogi : देशभर में बुलडोजर कार्रवाई को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। कई राज्यों में यह कार्रवाई सुर्खियों में रही है, जिस पर विपक्ष ने भी कई बार आपत्ति जताई है। हाल ही में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा था कि वह बुलडोजर कार्रवाई के समर्थक नहीं हैं, जबकि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इसे जारी रखने की बात कही है। इस बीच, बुलडोजर कार्रवाई को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भी बयान सामने आया है।
सीएम योगी आदित्यनाथ का बयान
एक इंटरव्यू में सीएम योगी (CM Yogi) से पूछा गया कि बुलडोजर अब एक पहचान बन चुका है और कई बीजेपी शासित राज्यों में इसे अपनाया गया है। क्या इसे वह अपनी उपलब्धि मानते हैं?
इसके जवाब में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह कोई उपलब्धि नहीं है, बल्कि एक आवश्यकता थी। उन्होंने कहा कि जहां भी अतिक्रमण होता है, उसे हटाने के लिए बुलडोजर का इस्तेमाल किया जाता है। इसके जरिए न सिर्फ अवैध निर्माण हटाए जा सकते हैं, बल्कि बुनियादी ढांचे के विकास में भी इसका उपयोग किया जा सकता है। उनका मानना है कि सरकार ने बुलडोजर का सही तरीके से इस्तेमाल किया है।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का रुख
हाल ही में टीवी9 के “व्हाट इंडिया थिंक्स टुडे” समिट में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी बुलडोजर कार्रवाई को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि पंजाब में इस तरह की कार्रवाई जरूरी है, खासतौर पर उन लोगों के खिलाफ जो नशे का अवैध कारोबार करते हैं। उन्होंने कहा कि वह नशे के धंधे में शामिल लोगों के घर तोड़कर न्याय कर रहे हैं। उनका मानना है कि न्याय सिर्फ कोर्ट में नहीं होता, सरकारें भी निर्णय लेती हैं। कई मामलों में कोर्ट में फैसले आने में 20 साल तक लग जाते हैं, जबकि सरकारें तेजी से निर्णय लेकर कार्रवाई कर सकती हैं। भगवंत मान ने इसे एक तरह का त्वरित न्याय बताया, जो वह पंजाब में लागू कर रहे हैं।