Ghaziabad News : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। कवि नगर थाना क्षेत्र में 22 अगस्त को एक युवती के साथ जबरदस्ती, मारपीट और बलात्कार की घटना ने पूरे शहर को हिला कर रख दिया है। पीड़िता के मुताबिक, उसके मंगेतर ने उसे मिलने के बहाने बुलाया और जबरदस्ती ऋषिकेश ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म और मारपीट की। आरोपी आशु ने 21 अगस्त की रात को पीड़िता के साथ मारपीट की और उसके शरीर पर दांतों से कई घाव किए।
पीड़िता के परिवार द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, आशु चौधरी ने युवती को घर से 5:00 बजे बाहर निकाला और उसका फोन छीन लिया। इसके बाद, उसने युवती को ऋषिकेश ले जाकर होटल में जबरदस्ती की और मारपीट की। अगले दिन, आशु युवती को वापस गाजियाबाद ले आया और अपने तीन दोस्तों—आदित्य कपूर, यश औजल और मुस्तफा को भी बुला लिया। इन तीनों ने भी युवती के साथ छेड़छाड़ और मारपीट की, और उसे बदहवास हालत में पेट्रोल पंप पर छोड़कर फरार हो गए।
कवि नगर थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवाया और उसके बयान दर्ज किए। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आशु चौधरी और उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गाजियाबाद के डीसीपी सिटी ने बताया कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर संभव मदद की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की पूरी जानकारी एकत्र की गई है और गिरफ्तारी की गई है। हालांकि, गैंगरेप की कोई पुष्टि नहीं हुई है, बल्कि मंगेतर आशु द्वारा ऋषिकेश में जबरदस्ती किए जाने की बात सामने आई है।


