Ghazipur : गाजीपुर सिटी रेलवे स्टेशन और घाट स्टेशन के बीच सड़क ओवर ब्रिज के नीचे शरारती तत्वों ने रेलवे लाइन पर तीन मीटर तक गिट्टियां रख दीं। इस घटना का पता तब चला जब प्रयागराज-बलिया पैसेंजर ट्रेन रात नौ बजे गुजरी और चालक ने इसका अहसास किया। शरारती तत्वों ने ट्रेन के इंजन पर पत्थर भी फेंके थे। चालक ने तुरंत स्टेशन मास्टर को सूचित किया।
इसके बाद आरपीएफ ने शहर के तीन युवकों को रेलवे लाइन के पास से गिरफ्तार कर लिया और उनके खिलाफ चालान कर दिया। आरपीएफ इंस्पेक्टर अमित राय ने बताया कि मंगलवार रात को रेलवे लाइन पर गिट्टियां रखी गईं और इंजन पर पत्थरबाजी की गई। जब प्रयागराज-बलिया पैसेंजर ट्रेन गुजर गई, तब इस घटना का पता चला।
मुखबिर की सूचना पर पता चला कि तीन युवक हर दिन रात नौ बजे के करीब घटनास्थल के पास आकर बैठते हैं और नशा करते हैं। बुधवार रात को उप निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल राजेंद्र प्रसाद मौर्य, कृष्ण गोपाल शुक्ला, कांस्टेबल अजीत सिंह ने छिपकर युवकों के आने का इंतजार किया।
रात नौ बजे के आसपास तीनों युवक आए और जैसे ही आरपीएफ के जवान पहुंचे वे भागने लगे। जवानों ने दौड़ाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए युवकों में 20 वर्षीय सोनू कुमार, 22 वर्षीय आकाश और 18 वर्षीय दानिश अंसारी शामिल हैं। सभी के खिलाफ रेल अधिनियम के तहत केस दर्ज कर उन्हें गुरुवार को जेल भेज दिया गया।
रेलवे ट्रैक की सुरक्षा को लेकर बुधवार रात एसपी सिटी ज्ञानेन्द्र प्रसाद ने कोतवाली पुलिस जीआरपी और आरपीएफ के साथ बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि गाजीपुर सिटी से घाट तक रेलवे लाइन की रात में पेट्रोलिंग की जाए और ट्रैक किनारे बैठने वाले अराजकतत्वों को चेतावनी दी जाए। इस निर्देश के तहत सीओ सिटी सुधाकर पांडेय, निरीक्षक कोतवाली दीन दयाल पांडेय और आरपीएफ इंस्पेक्टर अमित राय ने पेट्रोलिंग की।


