Gorakhpur News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि किसी के साथ अन्याय नहीं होगा और हर पीड़ित को न्याय मिलेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी समाधान शीघ्रता से सुनिश्चित किया जाए।
300 लोगों से मुलाकात, समस्याओं के समाधान का आश्वासन
गोरखनाथ मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब 300 लोगों से मुलाकात की। वह खुद जनता के पास पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनीं। लोगों के प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए उन्होंने त्वरित और संतोषजनक निस्तारण का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने जनता को भरोसा दिलाया कि सरकार हर पीड़ित की समस्या के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
संवेदनशीलता और पारदर्शिता पर जोर
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि हर पीड़ित के साथ संवेदनशील रवैया अपनाया जाए और उसकी समस्या का समाधान कर उसे संतुष्ट किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इलाज के लिए आर्थिक सहायता का भरोसा
जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे। (Gorakhpur News) मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया कि सरकार उनकी मदद करेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इलाज से जुड़े आवश्यक कागजी कार्य जल्द से जल्द पूरा कर शासन को भेजा जाए ताकि सहायता में देरी न हो।
बच्चों को दिया आशीर्वाद और प्रेरणा
गोरखनाथ मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए मुख्यमंत्री ने परिजनों के साथ आए बच्चों से बातचीत की। बच्चों के नाम पूछे, उनसे पढ़ाई के बारे में जानकारी ली, और उन्हें प्रेरित करते हुए खूब पढ़ने की सलाह दी। बच्चों को चॉकलेट भेंट कर उन्हें प्यार और आशीर्वाद देकर विदा किया।
सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार हर पीड़ित की मदद और समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर है। राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ निपटाने का निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि किसी के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए।
ये भी देखें : Sambhal Violence पर Acharya Pramod Krishnam का बड़ा बयान | Dainik Hint |