Greater Noida : ग्रेटर नोएडा के इकोटेक वन थाना पुलिस ने एक अज्ञात महिला की हत्या का खुलासा करते हुए मृतका की बेटी के प्रेमी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने महिला को दिल्ली में कार में बैठाकर गला घोंटकर हत्या की और शव को इकोटेक वन थाना क्षेत्र में फेंक दिया। पुलिस ने गहन जांच के बाद घटना के करीब एक महीने बाद इस मामले का पर्दाफाश किया। इस हत्याकांड में एक बाल अपचारी को हिरासत में लिया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, बीते 25 नवंबर को इकोटेक वन थाना क्षेत्र में एक महिला का शव बरामद हुआ था। अज्ञात महिला की पहचान के प्रयास में पुलिस जुट गई और 29 नवंबर को उसकी पहचान सुमन (40) निवासी मंगोलपुरी, दिल्ली के रूप में हुई। सुमन की गुमशुदगी की रिपोर्ट 25 नवंबर को दिल्ली के मंगोलपुरी थाने में दर्ज की गई थी। सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने इस मामले में राजीव नगर बेगमपुर दिल्ली निवासी विक्की को गिरफ्तार किया।
ये भी देखें : Delhi में बांग्लादेशी घुसपैठियों पर कार्रवाई, हिरासत में लिए गए 175 बांग्लादेशी |
जांच में पता चला कि मृतका सुमन की बेटी एकता का पति साल 2022 में जेल में बंद था, जहां विक्की के भाई से उसकी मुलाकात हुई। इस दौरान विक्की और एकता करीब आ गए और शादी की योजना बनाने लगे। हालांकि, एकता के पति के जेल से बाहर आने के बाद सुमन ने इस शादी का विरोध किया और एकता को अपने पहले पति के साथ रहने को कहा। इससे नाराज विक्की ने सुमन की हत्या की साजिश रच डाली।
विक्की ने अपने साथियों को 50-50 हजार रुपये का लालच देकर सुमन को कार में बैठाने के बाद गला घोंटकर हत्या कर दी। शव को दिल्ली से लाकर ग्रेटर नोएडा के इकोटेक वन थाना क्षेत्र में फेंक दिया। पुलिस ने इस मामले में विक्की और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है।
पीड़ित परिवार ने दिल्ली पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने उनकी कोई मदद नहीं की और मुकदमा दर्ज करने में भी देर की। वहीं, उन्होंने ग्रेटर नोएडा पुलिस की तारीफ की और कहा कि उनके प्रयासों से ही इस हत्याकांड का खुलासा हो पाया।


