Hardoi : यूपी के हरदोई जिले में हैरान करने वाला मामला सामने आया है। कोथावां विकास खंड में तैनात ग्राम पंचायत अधिकारी ने मृत महिला के स्थान पर उसके पति का डेथ सर्टिफिकेट जारी कर दिया। पीड़ित ने जिलाधिकारी से शिकायत की है। शिकायती पत्र में ग्राम पंचायत अधिकारी पर आरोप लगाया गया कि दो हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई थी। रुपये नहीं देने पर कई दिनों तक परेशान किया गया और चक्कर कटवाए गए। आखिरकार, आवेदन लेने के बाद मृतक पत्नी के बजाय पति का ही मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया।
कोथावां विकास खंड के अटवा निवासी विश्वनाथ ने बताया कि 19 दिसंबर 2024 को उनकी पत्नी शांति देवी का बीमारी के चलते निधन हो गया था। डेथ सर्टिफिकेट बनवाने के लिए उन्होंने ग्राम पंचायत अधिकारी सरिता देवी से संपर्क किया। आरोप है कि अधिकारी ने इसके लिए रिश्वत मांगी, और ना देने पर कई बार परेशान किया। 31 दिसंबर को आवेदन लेने के बाद 3 जनवरी को सचिव के डिजिटल हस्ताक्षर का उपयोग कर पति का ही डेथ सर्टिफिकेट जारी कर दिया गया। जब यह प्रमाण पत्र मिला, तो पीड़ित के होश उड़ गए।
शिकायत के बाद जिलाधिकारी ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। डीएम ने ग्राम पंचायत अधिकारी के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं और एडीओ पंचायत से पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी है। मामले की जांच के बाद दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


