Hathras : हाथरस में हुए एक भीषण सड़क हादसे में 17 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। आगरा-हाथरस मार्ग पर एक रोडवेज बस और एक सवारियों से भरा छोटा मालवाहक वाहन या मैजिक टेम्पो के बीच टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बच्चों समेत 17 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है। इस वक्त आगरा के सेमरा गांव में मृतकों के लिए कब्रें खोदी जा रही हैं और पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल फैला हुआ है।
सूत्रों के अनुसार आगरा के सेमरा गांव के लगभग तीन दर्जन लोग हाथरस में एक धार्मिक रस्म में शामिल होने गए थे। वापसी के दौरान एक रोडवेज बस ने उनके मैजिक टेम्पो को टक्कर मार दी जिसमें 17 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक ही परिवार के 12 सदस्य शामिल हैं जबकि बाकी मृतक उनके रिश्तेदार और गांव के आसपास के निवासी थे। हादसे में 15 लोग घायल हुए हैं जिनका इलाज अलीगढ़ और आगरा के अस्पतालों में चल रहा है।
ये भी देखें : Breaking News : संतों और VHP ने गृह मंत्री Amit Shah से की मुलाकात | Latest news |
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस दुर्घटना में हुई मौतों पर शोक व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने एक्स पर कहा कि राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों को हर संभव मदद मुहैया करा रहा है।
पीएम मोदी ने मृतकों के परिजनों के लिए 2-2 लाख रुपये और घायलों के लिए 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि की भी घोषणा की है। सेमरा गांव में शोक और निराशा का माहौल छाया हुआ है जहां लोग अपने प्रियजनों को खोने का गम मना रहे हैं। इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को हिला कर रख दिया है और प्रशासन की ओर से घायलों के इलाज और मृतकों के परिजनों को सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया गया है।


