INDI Alliance : हाल के दिनों में उत्तर प्रदेश की सियासत में आरएलडी अध्यक्ष जयंत चौधरी के दौरों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। उनके इंडिया गठबंधन छोड़कर एनडीए में शामिल होने की अटकलें तेज हैं। इसके बीच यूपी बीजेपी अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी का अहम बयान आया है।
भूपेन्द्र चौधरी ने कहा है कि अगर जयंत चौधरी आएंगे तो हम उनका स्वागत करेंगे। उन्होंने कहा कि इस वक्त पूरा देश प्रधानमंत्री मोदी के साथ है। इसलिए यदि कोई पार्टी या नेता हमारी विचारधारा के साथ जुड़ने का फैसला करता है तो हमें उनका स्वागत करने में खुशी होगी।
भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि हमारे स्तर पर फिलहाल हमें इस बात की जानकारी नहीं है कि इस गठबंधन में कौन शामिल हो रहा है या नहीं, लेकिन अगर आरएलडी या जयंत चौधरी आते हैं तो उनका स्वागत है। उन्होंने कहा कि हमारा शीर्ष नेतृत्व तय करेगा कि कौन सी पार्टी हमारे साथ आएगी और कौन सी नहीं। हमारा शीर्ष नेतृत्व जो भी निर्णय लेगा, हम उसका सख्ती से पालन करेंगे।
यूपी बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि मध्य प्रदेश चुनाव में अखिलेश यादव और कांग्रेस पार्टी दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी की। ये बात किसी से छुपी नहीं है कि उनकी विचारधाराएं भी मेल नहीं खातीं ऐसे में अगर वे राहुल गांधी की न्याय यात्रा में साथ आ रहे हैं तो देखेंगे। सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी ने जयंत को केंद्रीय और लखनऊ कैबिनेट में मंत्री पद देने का प्रस्ताव दिया है।
संभावना है कि जयंत दिल्ली में कैबिनेट मंत्री बनेंगे और अपने नौ विधायकों में से एक को उत्तर प्रदेश में मंत्री नियुक्त करेंगे। माना जाता है कि परंपरागत रूप से जाट मतदाता आरएलडी का मुख्य वोट बैंक रहे हैं। इसलिए आरएलडी के मुजफ्फरनगर, कैराना, बिजनौर, मथुरा, बागपत, अमरोहा और मेरठ जैसी जाट बहुल लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की संभावना है।


