Kannauj : कन्नौज में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्य में भारी लापरवाही का मामला सामने आया है। निर्माणाधीन लिंटर ढहने से कई मजदूर मलबे में दब गए। राहत और बचाव कार्य के दौरान कुछ मजदूरों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना से स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई।
करोड़ों रुपये की लागत से बन रहे इस स्टेशन का निर्माण कार्य हादसे के वक्त जारी था, जिसमें कई मजदूर काम कर रहे थे। शनिवार दोपहर करीब 3 बजे कन्नौज रेलवे स्टेशन के निर्माण के दौरान लिंटर गिरने की यह घटना हुई। हादसे में घायल मजदूरों को बचाने के लिए राहत और बचाव दल को मौके पर बुलाया गया।
ये भी देखें : CM Atishi का बड़ा दावा, “BJP Ramesh Bidhuri को CM पद का चेहरा बानाएगी!”
डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने बताया कि अब तक 18 मजदूरों को बाहर निकाला गया है, जिनमें से 3 की हालत गंभीर है। उन्होंने यह भी कहा कि हादसे के कारणों की जांच की जाएगी और मलबे में फंसे बाकी लोगों को निकालने का काम जारी है। इस हादसे पर समाजवादी पार्टी ने भी प्रतिक्रिया दी है।
पार्टी ने भाजपा सरकार और तत्कालीन सांसद सुब्रत पाठक पर आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार के कारण यह हादसा हुआ। सपा ने दावा किया कि ठेके में कमीशनखोरी के चलते निर्माण की गुणवत्ता बेहद खराब रही। पार्टी ने इस हादसे की उच्चस्तरीय जांच, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई, और पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का संज्ञान लिया है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों का समुचित इलाज कराने और राहत कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। सीएम योगी ने हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और अधिकारियों से हर संभव मदद सुनिश्चित करने को कहा।


