Kanpur : उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब परीक्षा देकर लौट रहा एक अभ्यर्थी चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश में फिसल गया। युवक प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच फंस गया, जिससे उसके दोनों पैर कट गए। हादसे के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है, और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
घटना बुधवार रात की है, जब दिल्ली से रांची जा रही राजधानी एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर पहुंची। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग ट्रेन में चढ़ने के लिए दौड़ पड़े। प्रयागराज निवासी संजू यादव भी ट्रेन पकड़ने की कोशिश में फिसल गया और प्लेटफॉर्म से नीचे गिर गया। इसके चलते ट्रेन की चपेट में आकर उसके दोनों पैर कटकर अलग हो गए।
ये भी देखें : Sambhal News : FIR में सपा सांसद और विधायक के बेटे पर क्या है आरोप! | Dainik Hint |
ट्रेन रुकने (Kanpur) के कुछ देर बाद RPF मौके पर पहुंची और युवक को बाहर निकाला। उसे स्ट्रेचर पर लिटाकर सरकारी अस्पताल भिजवाया गया। पूछताछ में पता चला कि संजू यादव परीक्षा देकर लौट रहा था और कानपुर स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने के दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया। परिवार को सूचना मिलने के बाद वे अस्पताल पहुंच गए हैं।
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, प्लेटफॉर्म पर पहले से काफी भीड़ थी। जैसे ही ट्रेन आई, उसमें चढ़ने के लिए लोग धक्का-मुक्की करने लगे। इसी दौरान संजू का पैर फिसल गया और वह नीचे गिर गया। ट्रेन से कटने के बाद लोगों ने चिल्लाना शुरू किया, जिससे ट्रेन रोकी गई। हालांकि, हादसे ने स्टेशन पर अफरा-तफरी मचा दी।


