Kaushambi : कौशांबी (Kaushambi) के कोखराज थाना क्षेत्र के भरवारी कस्बे के शराफत अली में रविवार को एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हो गया। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, यहां शादियों के लिए पटाखों का निर्माण किया जा रहा था। इस घटना में चार लोगों की मौत हो गई है। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी समेत कई थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी ब्रिजेश श्रीवास्तव कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर मौजूद हैं। इस घटना का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री को घटना की विस्तृत जानकारी उपलब्ध करायी गयी है।
मुख्यमंत्री योगी ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने और राहत कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने इस घटना में घायलों के तत्काल इलाज के भी निर्देश दिये हैं। स्थानीय निवासियों के मुताबिक, पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट इतना भीषण था कि आतिशबाजी के टुकड़े कई किलोमीटर दूर तक उड़ गए। घटना की जानकारी देते हुए एसपी ब्रिजेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा, “पटाखा फैक्ट्री में आग लग गई और इस घटना में 4 लोगों की मौत हो गई है।
कुछ लोग घायल हो गए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल पर बचाव कार्य जारी है। घटना में अभी भी कई लोग फंसे हुए हैं और बचाव कार्य चलाया जा रहा है। बचाव और राहत कार्यों के दौरान पुलिस और स्थानीय बचाव दल सहायता कर रहे हैं। यह फैक्ट्री प्रयागराज-कानपुर हाईवे के पास स्थित है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी। घटना के जवाब में गुस्साए स्थानीय लोगों ने वहां प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी किया है। फैक्ट्री कौशल अली नाम के शख्स की बताई जा रही है।


