Kushinagar : प्यार की कोई उम्र नहीं होती, न ही कोई जन्म का बंधन। जब कोई दिल से प्यार करता है, तो सिर्फ दिल की सुनता है। इन्हीं भावनाओं को चरितार्थ करते हुए अमेरिका की एक लड़की कुशीनगर पहुंची। अमेरिका में फैशन डिजाइनर का काम करने वाली इस लड़की का दिल कुशीनगर के एक युवक पर आ गया। इसके बाद वह भारत आई और हिंदू रीति-रिवाज के साथ सात फेरे लेकर शादी के बंधन में बंध गई। यह अनोखी शादी अब देश भर में चर्चा का विषय बन गई है।
कुशीनगर जिले के विकास खंड सुकरौली के पिडराघूर दास गांव के रहने वाले किशन की सोशल मीडिया के जरिए अमेरिका के कैलिफोर्निया की रहने वाली थूई से मुलाकात हुई। व्हाट्सएप चैटिंग और कॉल के जरिए दोनों की बातचीत शुरू हुई, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। कोरोना काल के बाद हालात सामान्य होने पर दोनों ने मिलने का फैसला किया और 2021 में थूई दिल्ली आ गई। इसके बाद किशन ने उसे अपने परिवार से मिलवाया, और दोनों परिवारों के बीच बातचीत शुरू हो गई।
2023 में दिवाली के दौरान थूई अपने दोस्त के साथ किशन के गांव आई और उसके परिवार के साथ रहकर यहां के रहन-सहन और रीति-रिवाजों को समझा। इसके बाद थूई ने किशन को अपने पिता से मिलवाने के लिए वियतनाम ले जाया। हालांकि, वीजा न मिलने के कारण किशन उसके परिवार से नहीं मिल पाया। दोनों परिवारों की सहमति के बाद किशन के गांव में धूमधाम से शादी की रस्में पूरी हुईं। शादी में दोनों पक्षों के कर्तव्यों का निर्वहन किया गया, और बड़ी संख्या में लोग दुल्हन को देखने के लिए जुटे।
किशन और थूई ने बताया कि उन्होंने लगभग चार साल तक एक-दूसरे को समझने के बाद शादी का फैसला लिया। थूई ने नमस्ते करते हुए कहा कि उन्हें भारतीय संस्कृति और यहां के लोगों की सरल जीवनशैली बहुत पसंद है। उन्होंने कहा कि किशन के परिवार में उसके माता-पिता, दादा-दादी और बहन सभी उन्हें बहुत प्यार करते हैं। भाषा की अलग होने के कारण थोड़ी दिक्कत होती है, लेकिन किशन की वजह से सब कुछ आसान हो जाता है।


