Kushinagar : यूपी पुलिस ने हाल ही में लगातार एक्शन लेते हुए तीन एनकाउंटर किए हैं। सोमवार सुबह उन्नाव में अनुज प्रताप सिंह और रात को गाजीपुर में मोहम्मद जाहिद के एनकाउंटर के बाद मंगलवार तड़के कुशीनगर में भी एक मुठभेड़ हुई। यह मुठभेड़ कोतवाली क्षेत्र में हाटा महुआडीह रोड पर ग्राम पटनी पुलिया के पास हुई जिसमें पैर में गोली लगने से दो इनामी बदमाश घायल हो गए।
दोनों बदमाश टप्पेबाजी और चोरी करने वाले अंतर्जनपदीय बरुआर गैंग के सदस्य हैं। कुशीनगर पुलिस की मीडिया सेल ने बताया कि मंगलवार की सुबह कोतवाली हाटा थाना अहिरौली बाजार और स्वाट की संयुक्त टीम ने हाटा महुआडीह रोड पर वाहनों की चेकिंग शुरू की। चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। जब पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया तो बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
ये भी देखें : CM Chandrababu Naidu ने YSRCP सरकार पर लगाया बड़ा आरोप
जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाश घायल हुए और बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। घायल बदमाशों की पहचान राजेन्द्र प्रसाद और हरिश्चन्द्र बरुवार के रूप में हुई है जो गोंडा के निवासी हैं। उनके पास से पुलिस ने दो देसी तमंचे, दो खोखा, दो जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन और एक बिना नम्बर की बाइक बरामद की। साथ ही उनके कब्जे से 25 हजार रुपए नकद भी मिले हैं।
दोनों बदमाशों के खिलाफ पुलिस अधीक्षक कुशीनगर ने 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बदमाशों का लंबा आपराधिक इतिहास है और उन पर विभिन्न जिलों के थानों में 12-12 मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ में प्रभारी निरीक्षक हाटा सुशील कुमार शुक्ला, प्रभारी निरीक्षक अहिरौली बाजार रवि कुमार राय और स्वाट प्रभारी आलोक यादव की टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


