Lakhimpur : उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में बीजेपी विधायक सौरभ सिंह सोनू पर हवाई फायरिंग का मामला सामने आया है। घटना के दौरान विधायक अपनी पत्नी के साथ नाइट वॉक कर रहे थे। उसी समय उन्होंने घर के पास बाइक सवार दो युवकों को देखा, जो नशे में थे। जब विधायक ने उन्हें टोक दिया, तो दोनों ने गलत शब्द कहने शुरू कर दिए। बहस के दौरान युवकों ने हवाई फायरिंग की और फरार हो गए। घटना की शिकायत पुलिस में दर्ज की गई है, और जांच शुरू हो चुकी है।
घटना लखीमपुर खीरी के सदर कोतवाली क्षेत्र की है। बुधवार रात कस्ता विधानसभा क्षेत्र से विधायक सौरभ सिंह सोनू के साथ हुई इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई। विधायक ने बताया कि वे रोजाना डिनर के बाद घर के बाहर टहलते हैं। घटना के वक्त रात के करीब 10 बजे थे। घर से करीब 50-100 मीटर की दूरी पर बाइक सवार दो युवक खड़े होकर गलत भाषा का प्रयोग कर रहे थे। जब उन्होंने उन्हें टोका, तो युवकों ने बहस शुरू कर दी और ललकारने पर हवाई फायर कर दिया।
विधायक ने इसे अपनी हत्या की साजिश करार दिया और कहा कि आरोपियों को उनके नाइट वॉक के बारे में जानकारी थी। उनका गनर उस समय थोड़ी दूरी पर था, जिससे कोई प्रतिक्रिया नहीं हो पाई। घटना में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन विधायक ने पुलिस-प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं।
ये भी देखें : Bansuri Swaraj ने किया AAP पर कटाक्ष, “कई महीनों से मौलवियों को वेतन नहीं दिया है…”
जांच के दौरान लखीमपुर के सीओ रमेश कुमार तिवारी को पीड़ित विधायक के पिता और पूर्व राज्यसभा सांसद जुगल किशोर ने फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है और इस मामले को मुख्यमंत्री के सामने उठाया जाएगा। उधर, एसपी गणेश प्रसाद साहा ने बताया कि पुलिस ने सूचना मिलने पर मौके का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। संदिग्धों की पहचान के लिए पूछताछ जारी है। तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच सीओ सिटी को सौंपी गई है।


