Lok Sabha Election 2024 : आगामी लोकसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपनी सातवीं लिस्ट जारी कर दी है। इस सूची में दो उम्मीदवारों की घोषणा भी शामिल है। इसमें बीजेपी ने महाराष्ट्र की अमरावती सीट से नवनीत राणा को अपना उम्मीदवार बनाया है। वह वर्तमान में इस निर्वाचन क्षेत्र से मौजूदा सांसद हैं। इस बीच कर्नाटक के चित्रदुर्ग सीट से बीजेपी ने गोविंद करजोल को अपना उम्मीदवार बनाया है।
गौरतलब है कि 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में चार निर्दलीय उम्मीदवार जीतकर संसद पहुंचे थे। इनमें से एक थीं नवनीत राणा। महाराष्ट्र की अमरावती सीट से निर्दलीय उम्मीदवार (Lok Sabha Election 2024) के रूप में चुनाव लड़ने वाली नवनीत राणा ने 36,951 वोटों से चुनाव जीता।
इससे पहले मंगलवार को बीजेपी ने लोकसभा चुनाव के लिए छठी लिस्ट जारी की थी। इसमें तीन प्रत्याशियों की घोषणा की गयी। सूची में राजस्थान के लिए दो और मणिपुर के लिए एक उम्मीदवार की घोषणा की गई। राजस्थान में करौली-धौलपुर (अजा) लोकसभा क्षेत्र से इंदु देवी जाटव और दौसा से कन्हैया लाल मीना को मैदान में उतारा गया। इसके अलावा, थंजावलम बसंत कुमार सिंह को इनर मणिपुर लोकसभा सीट से खड़ा किया गया था।


