Lok Sabha Election 2024 : लोकसभा चुनाव के पहले चरण के चल रहे मतदान के बीच पीलीभीत और कैराना लोकसभा क्षेत्र के कई गांवों से मतदान के बहिष्कार की खबरें सामने आई हैं। प्रशासन लोगों को समझाने में जुटा हुआ है। अधिकारी असंतुष्ट लोगों की शिकायतें दूर करने का आश्वासन देते हुए उनसे आज वोट करने की अपील कर रहे हैं। पीलीभीत उपजिला में तीन गांवों के निवासियों ने मतदान का बहिष्कार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार बकसपुर में ग्रामीण प्रशासन द्वारा बनायी गयी दीवार को हटाने की मांग कर रहे हैं। मांग पूरी नहीं होने से ग्रामीण नाराज हैं। उनका कहना है कि किसी ने उनकी बात नहीं सुनी इसलिए वे आज वोट नहीं देंगे। ग्रामीणों का दावा है कि चार हजार से अधिक मतदाता आज वोट नहीं डालेंगे। इसी तरह कैराना लोकसभा सीट के अंतर्गत एक गांव से भी मतदान बहिष्कार की खबर आ रही है।
कैराना के रसूलपुर गुजरान गांव के निवासियों ने मतदान का बहिष्कार किया है। लोगों का कहना है कि 2019 के चुनाव में 95 फीसदी ग्रामीणों ने मतदान किया। इसके बाद कुछ ग्रामीणों को मुकदमे में फंसा दिया गया। पांच साल बाद भी सरकार ने उनकी चिंताओं पर ध्यान नहीं दिया। दोनों जगहों पर ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया जा रहा है ताकि वे मतदान के लिए तैयार हों और गांव में मतदान कराया जा सके।


