Lok Sabha Election : उत्तर प्रदेश में सपा मुखिया अखिलेश यादव की रैलियों में भारी संख्या में समर्थक जुट रहे हैं। इसी वजह से उनकी रैलियों में भगदड़ की स्थिती देखी जा रही है। पहले फूलपुर फिर संतकबीरनगर और अब आजगमढ़ में चुनाव प्रचार के दौरान अखिलेश की रैली में भीड़ बेकाबू हो गई, जिसकी वजह से रैली में भगदड़ मच गई। लालगंज लोकसभा क्षेत्र में अखिलेश की रैली के दौरान एक बार फिर भगदड़ जैसी स्थिति मच गई। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा गया है कि मंच की ओर बढ़ने पर सपा कार्यकर्ताओं को पीछे खदेड़ दिया और कार्यकर्ता एक-दूसरे पर चढ़कर भागते हुए नजर आए। इस दौरान जिस स्टैंड पर लाउड स्पीकर लगाए गए थे, वो भी गिर गया। इतना ही नहीं जैसे ही आगे से कार्यकर्ताओं को खदेड़ा गया, पीछे वाले कार्यकर्ता अपने आप ही वहां से भाग गए।
प्रयागराज में भी संयुक्त जनसभा में देखा गया था दृश्य
इससे पहले प्रयागराज के फूलपुर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अखिलेश यादव की संयुक्त जनसभा के दौरान भी ऐसा ही दृश्य देखा गया था। यहां भी हालात बेकाबू हो गए थे और सुरक्षा की दृष्ट से दोनों नेताओं को वहां से जाने के लिए कहा गया था। हालांकि इस बीच दोनों नेताओं ने रैली स्थल पर ही एक-दूसरे से बातचीत का वीडियो जारी किया था।
संतकबीरनगर की रैली में भी मची थी अफरा-तफरी
इससे पहले अखिलेश यादव की संतकबीरनगर में बड़ी संख्या में जुटे सपा कार्यकर्ताओं ने बैरीकेडिंग तोड़ दी थी और मंच की ओर बढ़ रहे थे, जिसकी वजह से अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। संतकबीरनगर की रैली का जो वीडियो वायरल हुआ था, उसमें देखा जा सकता है कि बड़ी संख्या में समर्थकों ने सुरक्षा घेरा तोड़ दिया और सपा मुखिया की कार तक पहुंच गए थे। इस दौरान उन्होंने अखिलेश के संग सेल्फी भी खिंचवाई थी।


