Lok Sabha Elections : उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव की तैयारियां चल रही हैं और सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं। चुनावी तैयारियों के बीच बदायूं लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार शिवपाल सिंह यादव का एक अहम बयान सामने आया है। प्रत्याशी घोषित होने के बाद वह आज पहली बार बदायूं जा रहे हैं। इस दौरान उन्होंने जीत का दावा किया है।
उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें पार्टी से आदेश मिला है इसलिए वह बदायूँ जा रहे हैं और जीतकर ही लौटेंगे। जब उनसे पूछा गया कि अगर उनके भतीजे (धर्मेंद्र) का टिकट काटर उन्हें टिकट दिया गया है तो बदायूं का चुनाव (Lok Sabha Elections) कैसा होगा? इसपर शिवपाल ने कहा कि मुझे पार्टी से आदेश मिला है। आज मैं बदायूँ जा रहा हूँ। बदायूँ सीट जीतूँगा और जीतकर ही वापस लौटूंगा।
इस बीच जब उनसे पूछा गया कि बीजेपी इस बार मैनपुरी सीट पर जयवीर सिंह या केशव प्रसाद मौर्य जैसे बड़े नामों पर चर्चा कर रही है तो उन्होंने कहा कि मैं समाजवादी पार्टी का सदस्य हूं और समाजवादी पार्टी ही जीतेगी। हमारे उम्मीदवार जीतेंगे। कई सीटें ऐसी हैं जहां बीजेपी को उम्मीदवार तक नहीं मिल पा रहे हैं। गौरतलब है कि गुरुवार से शिवपाल सिंह यादव चुनाव प्रचार शुरू करने जा रहे हैं।
शिवपाल यादव अपने भतीजे धर्मेन्द्र यादव के आवास से प्रचार अभियान की कमान संभालेंगे। दरअसल दावा किया गया था कि बदायूं से उम्मीदवार बनाए जाने के बाद से ही शिवपाल यादव नाराज हैं। इसलिए उम्मीदवार घोषित होने के एक हफ्ते बाद भी वह अपने संसदीय क्षेत्र नहीं गए लेकिन अब उन्होंने ऐसी खबरों का खंडन किया है।


