Mahamandaleshwar Himangi : महाकुंभ में किन्नर अखाड़े का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब एक नया विवाद किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर हिमांगी सखी के बयान से शुरू हुआ है। उन्होंने अखाड़े में चल रहे विवाद से दुखी होकर न केवल किन्नर अखाड़ा, बल्कि सनातन धर्म छोड़ने की धमकी दी है। उन्होंने कहा कि अखाड़े के अंदर चल रहा यह विवाद अब उनके बर्दाश्त के बाहर हो गया है और वह जल्द ही धर्म परिवर्तन करने पर विचार करेंगी।
हिमांगी सखी ने यह बयान किन्नर अखाड़े की एक अन्य महामंडलेश्वर कल्याणी नंद गिरी पर हुए हमले के बाद दिया है। उन्होंने कहा कि उन पर इस हमले का आरोप लगाया जा रहा है, जबकि उनका इससे कोई लेना-देना नहीं है। इससे पहले, उन पर खुद हमला हुआ था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह हमला किन्नर अखाड़े की आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने कराया था।
‘अखाड़े में वर्चस्व की लड़ाई …’ – हिमांगी
हिमांगी सखी ने कहा कि किन्नर अखाड़े में वर्चस्व की लड़ाई चल रही है और इसे जल्द से जल्द खत्म होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर यह विवाद जल्द खत्म नहीं हुआ, तो उन्हें अखाड़े और सनातन धर्म छोड़ने पर विचार करना होगा। उन्होंने सीधे तौर पर धर्म परिवर्तन करने की भी बात कही। इससे पहले बॉलीवुड अभिनेत्री ममता कुलकर्णी को महामंडलेश्वर बनाए जाने पर हिमांगी सखी ने सवाल उठाए थे, जिसके बाद उन पर जानलेवा हमला हुआ था।
हिमांगी सखी ने आरोप लगाया कि किन्नर अखाड़े में मांस-मदिरा का सेवन हो रहा है और कई लोग शराब के नशे में उनके शिविर में घुस आए थे। उन्होंने ममता कुलकर्णी के महामंडलेश्वर पद छोड़ने और फिर से उसी पद पर आसीन होने को मजाक बताया। उन्होंने कहा कि इन लोगों को धर्म और शास्त्र से कोई मतलब नहीं है और उन्होंने सनातन धर्म का मजाक बना दिया है।