Milkipur Bypolls : भारत निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया। दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर 5 फरवरी को मतदान होगा। साथ ही, यूपी की मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव भी इसी दिन होगा। इस उपचुनाव पर यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि उनकी पार्टी दिल्ली में पूरी ताकत से चुनाव लड़ रही है और जीत दर्ज कर सरकार बनाएगी। वहीं, मिल्कीपुर में कांग्रेस अपने सहयोगी समाजवादी पार्टी (सपा) के उम्मीदवार का समर्थन करेगी।
मिल्कीपुर सीट से सपा ने सांसद अवधेश प्रसाद के बेटे अजीत प्रसाद को उम्मीदवार बनाया है। इस पर सांसद अवधेश प्रसाद ने विश्वास जताते हुए कहा कि मिल्कीपुर की जनता उनके बेटे को जिताने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने इसे गठबंधन की बड़ी जीत बताते हुए कहा कि इस जीत का संदेश पूरे देश में जाएगा।
ये भी देखें : Delhi Election के बीच गरमाया ‘वोट घोटाले’ का मुद्दा, CM Atishi ने उठाए सवाल
अयोध्या के मेयर गिरीशपति त्रिपाठी ने उपचुनाव को लेकर कहा कि मिल्कीपुर की जनता भाजपा का समर्थन करेगी। उन्होंने इसे लोकसभा चुनावों के बाद बने गलत संदेश को सुधारने का अवसर बताया और कहा कि मिल्कीपुर से देशभर में भाजपा की मजबूती का संदेश जाएगा।
भाजपा नेता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि उनकी पार्टी मिल्कीपुर में चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने सपा पर घमंड का आरोप लगाते हुए कहा कि मिल्कीपुर की जीत से सपा के घमंड को खत्म किया जाएगा। भाजपा इस चुनाव को लोकसभा चुनावों के बाद जनता का समर्थन दिखाने का अवसर मान रही है।


