Mukhtar Ansari : माफिया मुख्तार अंसारी की हार्ट अटैक से मौत की खबर के बाद स्वर्गीय बीजेपी विधायक कृष्णानंद राय के घर पर जश्न का माहौल है। मुख्तार अंसारी पर कृष्णानंद राय की हत्या का आरोप था। मुख्तार की मौत के बाद कृष्णानंद राय की पत्नी अलका राय अपने बेटे पीयूष राय के साथ बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर गईं, जहां उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि यह बाबा का आशीर्वाद है। मैंने हमेशा बाबा से न्याय मांगा। आज हमें न्याय मिला है।
अलका राय ने कहा कि पति की हत्या की घटना के बाद से वे होली का त्योहार नहीं मना पा रहे थे, लेकिन आज उन्हें लगा कि यह दिन उनके लिए होली है और अब वे होली मनाएंगे। इस बीच, कृष्णानंद राय के बेटे पीयूष राय ने कहा कि हमें बाबा गोरखनाथ और बाबा काशी विश्वनाथ का आशीर्वाद मिला है। इसलिए दोनों मां-बेटे बाबा के दर्शन करने आए हैं।
इससे पहले गुरुवार रात जब मुख्तार अंसारी (Mukhtar Ansari) की मौत की खबर आई तो कृष्णानंद राय के घर पर आतिशबाजी के साथ जमकर जश्न मनाया गया। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें आसमान आतिशबाजी से जगमगाता नजर आ रहा है।
2002 के विधान सभा चुनाव में कृष्णानंद राय ने मुख्तार अंसारी के बड़े भाई अफजाल अंसारी को उनके गढ़ मोहम्मदाबाद में हरा दिया, जिससे वह मुख्तार के रडार पर आ गए थे। मुख्तार ने इस हार का बदला लेने की कसम खाई थी। 2005 में जब कृष्णानंद राय अपने काफिले के साथ लौट रहे थे तो घात लगाकर एके-47 राइफल से हमला कर उनकी हत्या कर दी गई। 400 से ज्यादा राउंड फायरिंग हुई, जिसमें कृष्णानंद राय समेत सात लोगों की मौत हो गई।
ये भी पढ़ें : Mahua Moitra : ईडी के सामने पेश नहीं होंगी महुआ मोइत्रा, जानिए क्या है वजह


