Muzaffarnagar : पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने अपनी सुरक्षा हटाए जाने और यूपी सरकार के अधिकारियों के रवैये को लेकर नाराजगी जाहिर की है। टीवी-9 भारतवर्ष से बातचीत में बालियान ने आरोप लगाया कि यूपी में अधिकारी बेलगाम हो गए हैं और जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस पर पैसे लेकर जमीनों पर कब्जा कराने का भी आरोप लगाया।
बालियान ने कहा कि यूपी में बीजेपी के आम कार्यकर्ता भी पुलिस और प्रशासन से नाराज हैं। उन्होंने अपनी यह बात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंचाई है। बालियान ने सवाल उठाया कि पुलिस को किस अधिकार से उनकी सुरक्षा हटाने का हक है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का काम सरकार और जनता से जुड़े लोगों की बात मानना है, लेकिन यहां अधिकारी खुद को सर्वेसर्वा मान रहे हैं।
ये भी देखें : Los Angeles की रहने वाली Sadhvi Bhagwati Saraswati ने बताया Mahakumbh का महत्व
अपनी सुरक्षा हटाए जाने को बालियान ने अपमानजनक बताया। उनका कहना है कि उन्होंने जब लोगों की समस्याओं को उठाया तो उनके खिलाफ यह कदम उठाया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री को जिले के कप्तान और उनकी कार्यशैली के बारे में भी जानकारी दी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कार्यकर्ताओं और जनता की बात मुख्यमंत्री द्वारा सुनी जाएगी।
बालियान ने यह भी आरोप लगाया कि अधिकारी जनप्रतिनिधियों के फोन तक नहीं उठाते और जनता के बीच जाने से कतराते हैं। उन्होंने पूछा कि क्या सरकार को अधिकारी ही चलाएंगे? बालियान ने बताया कि गांव में लोगों ने उनसे शिकायत की थी, जिसके बाद उन्होंने थाने जाकर बात की। उन्होंने पुलिस पर पैसे लेकर अवैध कब्जा कराने का आरोप लगाया।
बालियान ने कहा कि अगर इन समस्याओं पर बात नहीं की गई, तो जनता को क्या जवाब देंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार जनता और कार्यकर्ताओं से बनती है, न कि अधिकारियों से।