Noida News : नोएडा के गार्डन गैलेरिया मॉल में एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है, क्योंकि पार्किंग में दो पुलिसकर्मियों ने गोली चलाई, जिसके बाद स्थानीय पुलिस ने उन्हें तुरंत गिरफ्तार कर लिया। इसके बावजूद दोनों पुलिसकर्मियों को थाने से ही जमानत दे दी गई। रिपोर्ट के मुताबिक, 12 जुलाई की रात को नोएडा के सेक्टर 38-ए स्थित गार्डन गैलेरिया मॉल में दो पुलिसकर्मी पहुंचे।
करीब 2:15 बजे मॉल के पार्किंग एरिया में गोलीबारी की सूचना मिली, जिसके बाद सेक्टर 39 पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। मौके पर पहुंचकर दोनों पुलिसकर्मियों को पकड़ लिया गया। पूछताछ में पता चला कि धीरज और मुकुल यादव नाम के दोनों पुलिसकर्मी गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाने में कांस्टेबल के पद पर हैं।
पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर दोनों को उसी दिन जमानत दे दी। इस घटना ने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरीं। घटना (Noida News) के बारे में नोएडा के एडिशनल डीसीपी मनीष कुमार मिश्रा ने बताया, “घटना 12 जुलाई की है। पुलिस को मॉल की पार्किंग में गोली चलने की सूचना मिली थी।
पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची, जहां गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाने में तैनात धीरज और मुकुल ने लापरवाही से तमंचा तान दिया था। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हमने तुरंत कार्रवाई की। गाजियाबाद पुलिस को भी सूचना दी गई, मामले में कानूनी कार्यवाही जारी है।”


