Seema Haider News : कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ बड़ा और सख्त रुख अपनाते हुए कई कड़े फैसले लिए हैं। इन फैसलों के तहत भारत ने पाकिस्तान के साथ अपने राजनयिक संबंधों में भारी कटौती करते हुए सिंधु जल संधि को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया है। इसके साथ ही भारत में रह रहे सभी पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा रद्द कर दिए गए हैं और उन्हें 48 घंटे के भीतर देश छोड़ने का आदेश दिया गया है।
इन निर्णयों के बीच सोशल मीडिया पर एक नई बहस ने जन्म ले लिया है। क्या सीमा हैदर, जो पाकिस्तान से भारत आई हैं और वर्तमान में ग्रेटर नोएडा में रह रही हैं, उन्हें भी अब भारत छोड़ना पड़ेगा?
सीमा हैदर के वकील एपी सिंह ने दी सफाई
इस पूरे मामले में सीमा हैदर के वकील एडवोकेट एपी सिंह ने मीडिया को बयान देते हुए कहा, “विगत दिवस पहलगाम में जो आतंकवादी घटना हुई, वह बेहद दुखद है। सीमा इस घटना से बहुत दुखी और परेशान हैं, भले ही वे खुद और उनकी बेटी बीमार होने के कारण अस्पताल में थीं। सीमा पाकिस्तान से सनातन धर्म अपनाकर नेपाल के रास्ते भारत आई थीं। नेपाल में उन्होंने सचिन मीणा से विवाह किया, फिर भारत में भी शादी हुई और हाल ही में उन्होंने भारत में एक बेटी को जन्म दिया है।”
कानून का पालन कर रही है सीमा हैदर
वकील ने यह भी बताया कि सीमा हैदर के सभी दस्तावेज भारत सरकार के गृह मंत्रालय और एटीएस के पास जमा हैं। “माननीय राष्ट्रपति के पास सीमा की याचिका लंबित है। उत्तर प्रदेश की अदालत ने जो आदेश जमानत के समय दिए थे, उनका सीमा पूरी तरह से पालन कर रही हैं और अपने ससुराल में रह रही हैं। उन्हें भारतीय कानून, सरकार और अदालतों पर पूरा भरोसा है।”
एपी सिंह ने यह भी दावा किया कि सीमा को पाकिस्तान के कट्टरपंथियों और आतंकवाद समर्थक तत्वों से धमकियां मिल रही हैं, लेकिन वह भारत की न्याय प्रणाली में विश्वास रखती हैं और सभी आदेशों का पालन करती रहेंगी।
है कौन Seema Haider ?
सीमा हैदर पाकिस्तान के सिंध प्रांत के जैकोबाबाद की रहने वाली हैं। उन्होंने मई 2023 में अपने चार बच्चों के साथ कराची से नेपाल के रास्ते भारत आने का फैसला किया।
बताया जाता है कि सीमा और सचिन मीणा की मुलाकात 2019 में एक ऑनलाइन गेम के दौरान हुई थी। जुलाई 2023 में दोनों को ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार किया गया था। सीमा पर अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने का, और सचिन पर अवैध अप्रवासी को शरण देने का आरोप लगा था। हालांकि बाद में दोनों को जमानत मिल गई थी।
सीमा ने यह भी दावा किया कि उन्होंने हिंदू धर्म अपना लिया है और अब भारत में रहना चाहती हैं।
अब क्या सीमा को भी जाना पड़ेगा पाकिस्तान?
केंद्र सरकार के फैसलों के तहत सभी पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा रद्द कर दिए गए हैं, लेकिन सीमा हैदर का मामला कुछ हद तक अलग और संवेदनशील है। उनके वकील के मुताबिक, यह मामला पहले से भारतीय अदालतों और राष्ट्रपति के समक्ष लंबित है और मानवीय तथा धार्मिक आधारों पर इसे देखा जाना चाहिए।