Pilibhit : यूपी के पीलीभीत जिले में एक दुखद घटना सामने आई है जहां खेत की रखवाली करने वाले ग्रामीण को बाघ ने उठा लिया और जंगल में ले जाकर मार डाला। यह घटना कलीनगर तहसील क्षेत्र के गांव बांसखेड़ा में हुई। पीड़ित 60 वर्षीय केदारी लाल सोमवार सुबह खेत (Pilibhit) पर काम करने के लिए गए थे।
उन्होंने धान की फसल को नुकसान पहुंचा रहे बंदरों को भगाने की कोशिश की लेकिन नहर पटरी पर पहुंचते ही एक बाघ ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें जंगल में खींचकर मार डाला। घटना की जानकारी मिलते ही पड़ोस के गांव ढकिया के उधम सिंह ने शोर मचाते हुए गांव पहुंचकर पूरी घटना की सूचना दी। सैकड़ों ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंचे और नाराजगी जताते हुए अधखाया शव जंगल से निकालकर सड़क पर रख दिया।
ये भी पढ़ें : Kanpur News : एक महीने के अंदर दूसरी ट्रेन साजिश, पायलट की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
ये भी देखें : Breaking News : संतों और VHP ने गृह मंत्री Amit Shah से की मुलाकात | Latest news |
इसके बाद उन्होंने माधोटांडा पीलीभीत मार्ग पर मथना बैरियर वन चौकी के पास ट्राली में शव रखकर लगभग 3:30 घंटे तक सड़क पर जाम लगाकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर पूरनपुर एसडीएम राजेश कुमार शुक्ला, पीटीआर के एसडीओ रमेश चंद्र चौहान, सामाजिक वानिकी के एसडीओ अंजनी कुमार, सीओ पूरनपुर विशाल चौधरी और तहसीलदार कलीनगर हबीब उर रहमान अंसारी समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों ने ग्रामीणों को तार फेंसिंग और मुआवजे का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रभागीय वनाधिकारी मनीष सिंह ने पुष्टि की कि बाघ के हमले से ग्रामीण की मौत हुई है। हालांकि घटना के सभी तथ्यों की गहन जांच जारी है।


