PM in Ayodhya : प्राण प्रतिष्ठा समारोह की तैयारी के लिए भगवान रामलला की मूर्ति गर्भगृह में पहुंच गई है। भव्य कार्यक्रम 22 जनवरी को निर्धारित है जो सोमवार को पड़ता है। खबर है कि समारोह के दौरान मुख्य अतिथि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरयू नदी में डुबकी (PM in Ayodhya) लगा सकते हैं। इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था की जांच की जा रही है। प्राण प्रतिष्ठा समारोह दोपहर 12:30 बजे निर्धारित है। प्रधानमंत्री की सुरक्षा के मद्देनजर स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) के अधिकारी अयोध्या में सरयू नदी के घाटों का निरीक्षण कर रहे हैं। बुधवार को एसपीजी के साथ स्थानीय पुलिस अधिकारियों की टीम ने भी घाट के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया।
डुबकी के दौरान सुरक्षा जरूरी
इस निरीक्षण के दौरान यह तय किया गया कि प्रधानमंत्री की डुबकी के लिए किस तरह से सुरक्षा कवर मुहैया कराया जा सकता है। हालांकि अभी आधिकारिक कार्यक्रम तय नहीं हुआ है। सूत्रों के अनुसार प्रधान मंत्री ने अधिकारियों से औपचारिक डुबकी के दौरान उनकी सुरक्षा की संभावनाएं तलाशने को कहा है। प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम के मुख्य पुजारी पंडित लक्ष्मीकांत दीक्षित ने बुधवार को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि होंगे। हालांकि ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्र के मुख्य यजमान होने के कार्यक्रम की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पीएम मोदी ही होंगे मुख्य यजमान
प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम में मुख्य अर्चक की भूमिका निभा रहे पंडित लक्ष्मीकांत दीक्षित ने बुधवार को संवाददाताओं से बात करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री खुद मुख्य यजमान होंगे। उन्होंने उन रिपोर्टों को खारिज कर दिया जिनमें कहा गया था कि ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा इस कार्यक्रम के मुख्य यजमान होंगे। दीक्षित बुधवार को प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के लिए वाराणसी से अयोध्या के लिए रवाना हुए। उन्होंने बताया कि उन्होंने पहले राजस्थान के लक्ष्मणगढ़ में भगवान राम मंदिर और ओडिशा के एक अन्य मंदिर में इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित किया था।
ये भी पढ़ें : Ayodhya Ram Mandir News : समारोह का आज तीसरा दिन मंदिर में प्रवेश करेंगे राम लला